CG paddy purchase।रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौजूदा खरीफ सीजन में यह तीसरा चक्रवाती तूफान है, जिसका असर प्रदेश के अन्नदाताओं की फसलों पर पड़ रहा है।

इससे पहले ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ तूफानों के दौरान भी तेज हवाओं और बारिश से फसलों को नुकसान हुआ था। अब पिछले 24 घंटे से प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश के कारण खेतों में कटी धान की फसल भीग रही है।

इससे धान की गुणवत्ता खराब होने, दानों में अंकुरण और वजन में अंतर आने की आशंका बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसल के गिरने और पानी भरने का खतरा भी बना हुआ है।

बारिश का असर धान खरीदी व्यवस्था पर भी पड़ा है। शुक्रवार को कई जिलों के धान उपार्जन केंद्रों में तौल का काम रोकना पड़ा। जिन किसानों ने पहले से टोकन कटवा लिया था।

वे किराए के वाहनों में धान लादकर खरीदी केंद्र पहुंचे, लेकिन खरीदी बंद होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। अब ऐसे किसानों को नई तारीख और नए टोकन का इंतजार करना होगा। इससे उन्हें परिवहन का अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ सकता है।

रायपुर जिले में चक्रवात के प्रभाव से पिछले 24 घंटे के दौरान रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके चलते कई धान उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था प्रभावित हुई।

कुछ केंद्रों में पानी भरने से तौल रोकनी पड़ी। पहले से रखे धान को कैप कवर से ढककर सुरक्षित रखने की कोशिश की गई।

सबसे ज्यादा परेशानी उन किसानों को हो रही है, जिन्होंने धान काटकर खेतों में रखा है। बारिश में फसल भीगने से दानों की गुणवत्ता खराब होने और अंकुरण की आशंका है।

दुर्ग जिले के कई खरीदी केंद्रों में बारिश के कारण तौल का काम प्रभावित रहा। शुक्रवार को 1,092 टोकन जारी किए गए थे।

लेकिन इनमें से केवल 21 टोकन पर ही 83.72 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो सकी। जिले में अब तक 2,929 किसानों से कुल 12,356.44 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है।

गगापुर के किसान मोहन दास मानिकपुरी 300 कट्टा धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे थे, लेकिन बारिश के कारण उनकी उपज की तौल नहीं हो सकी। अब उन्हें दोबारा वाहन किराए पर लेने के खर्च की चिंता सता रही है।

धमतरी जिले के कुल 108 धान उपार्जन केंद्रों में से शुक्रवार को केवल आमदी और मगरलोड केंद्र पर ही खरीदी हो सकी। बाकी केंद्रों में बारिश के कारण तौल बंद रही।

शंकरदाह सोसायटी में 20 नवंबर के लिए 27 किसानों को टोकन जारी किए गए थे, लेकिन बारिश के चलते उनकी उपज की खरीदी नहीं हो पाई। केंद्रों में रखे धान को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई।

बिलासपुर जिले में 154 में से 122 धान उपार्जन केंद्रों पर खरीदी शुरू हो चुकी थी। यहां अब तक 2,856.16 मीट्रिक टन धान खरीदा गया था। लेकिन शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश होने के कारण अधिकांश केंद्रों में तौल प्रभावित रही।

रायगढ़ जिले के 112 उपार्जन केंद्रों में से 13 केंद्रों पर खरीदी शुरू हुई है। जिले में 84,501 किसान पंजीकृत हैं। अब तक 232 किसानों से 1,308.72 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। हालांकि, बारिश के कारण शुक्रवार को खरीदी घटकर करीब 200 क्विंटल रह गई।

सरगुजा जिले में शुक्रवार दोपहर बाद बारिश शुरू होने के बाद सभी उपार्जन केंद्रों में खरीदी बंद कर दी गई। केंद्रों में रखे धान को सुरक्षित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, खेतों में धान की कटाई और मिंजाई का काम भी प्रभावित हुआ है।

लगातार बारिश के बीच उपार्जन केंद्रों में पहले से खरीदे गए धान को सुरक्षित रखना प्रशासन और समितियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

धान को कैप कवर और तिरपाल से ढकने के साथ जल निकासी के लिए नालियां बनाई जा रही हैं। जमीन की नमी से बचाने के लिए चबूतरों, लकड़ी और भूसे की परत का सहारा लिया जा रहा है।

इधर, दुर्ग जिले के कोलिहापुरी खरीदी केंद्र में खाद गोदाम के भीतर धान रखने को लेकर किसान कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई है। संगठन ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।