गलियों में स्कूटी, हाथों में विकास का एजेंडा: अरुण साव का सरप्राइज दौरा
प्रोटोकॉल छोड़ा, स्कूटी पकड़ी: अरुण साव ने शहर में किया रियलिटी चेक

बिलासपुर…डिप्टी CM अरुण साव ने शनिवार को अलग अंदाज में लोरमी का दौरा किया। स्कूटी पर सवार होकर सीधे गलियों में पहुंचे और जमीनी हकीकत देखी। इस दौरान विकास कार्यों की प्रगति पर नजर डाली और अधिकारियों को साफ संदेश दिया—काम तय समय में और गुणवत्ता के साथ पूरा हो।
मैदान में उतरकर लिया जायजा
रानीगांव में गार्डन, तालाब और मुक्तिधाम निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। प्रवेश द्वार, नाली निर्माण और मनियारी नदी पर बन रहे पुल की प्रगति की जानकारी ली और काम की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।
युवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस
बस स्टैंड स्थित जिम में युवाओं से सीधा संवाद किया। स्लम स्वास्थ्य योजना के मेडिकल यूनिट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। साथ ही नालंदा परिसर आधुनिक लाइब्रेरी के निर्माण का शुभारंभ किया।
जनसंवाद: गलियों में सुनी लोगों की बात
भ्रमण के दौरान बच्चों और महिलाओं से मुलाकात कर उनके सुख-दुख जाने। ब्राह्मण पारा में जादूगर के कार्यक्रम में भी पहुंचे और कुछ देर आमजन के बीच रहे।
समय और गुणवत्ता से ही भरोसा
विधायक कार्यालय में नागरिकों के साथ बैठक कर विकास कार्यों पर चर्चा की। राम्हेपुर स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए कहा कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण काम ही जनता का भरोसा मजबूत करता है।





