Cg news ।छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पीने का विरोध करना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ.

नशे में धुत पति ने मामूली कहासुनी के बाद हैवानियत की हदें पार करते हुए अपनी ही पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए.

इस जानलेवा हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है. वारदात मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुंडी की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर की रात 36 वर्षीय चम्मन लाल साहू शराब के अत्यधिक नशे में अपने घर पहुंचा था. जब उसकी पत्नी किरण साहू ने शराब पीने की आदत का विरोध किया और मना किया।

तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर चम्मन लाल ने घर में रखा लोहे का हथौड़ा उठाया और पत्नी के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में महिला को छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया.

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल महिला को सीएचसी मगरलोड पहुंचाया.

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है. पीड़िता के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की.

मगरलोड पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी चम्मन लाल साहू को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया.

पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर जब्त कर लिए हैं. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.