रामानुजगंज…(पृथ्वी लाल केशरी)..जनपद पंचायत रामचंद्रपुर में विकसित भारत के संकल्प को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबीजीआरएम)’ की एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो और स्थानीय सहभागिता मजबूत बने। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यप्रणाली अपनाने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि योजनाओं की सफलता कागजों से नहीं, जमीन पर दिखने वाले परिणामों से मापी जाएगी। उन्होंने जल संरक्षण और आपदा प्रबंधन को वर्तमान समय की अनिवार्य आवश्यकता बताते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत को अपनी कार्ययोजना में इन विषयों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

कार्यशाला में जनपद पंचायत अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी आनंद नेताम, जनपद सीईओ रणवीर साय सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।