LIVE UPDATE
Chhattisgarh

मितानिनों को सलाम, स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती—रामानुजगंज में सम्मेलन और अटल परिसर का लोकार्पण

अटल परिसर का लोकार्पण और प्रतिमा अनावरण

रामानुजगंज ..(पृथ्वी लाल केशरी)..नगर के दीनदयाल मांगलिक भवन में आयोजित स्वास्थ्य पंचायत मितानिन सम्मेलन का शुभारंभ रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम ने मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ी महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन और विपरीत परिस्थितियों में भी मितानिन दीदियां निरंतर सेवा भाव से कार्य करती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मितानिनों के सहयोग से ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलता है और स्वास्थ्य जागरूकता गांव-गांव तक पहुंचती है।

उन्होंने स्वच्छता को बेहतर स्वास्थ्य की आधारशिला बताते हुए उपस्थित लोगों से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मितानिनों की नियमित बैठक के लिए शेड निर्माण की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों के सरपंच, एएनएम और मितानिन दीदियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राम विचार नेताम ने रामानुजगंज में मेंटेनेंस के बाद पुनः तैयार किए गए अटल परिसर का फीता काटकर लोकार्पण किया तथा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण किया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम विशेष रूप से उपस्थित रहीं। स्कूली बच्चों ने “सांसों की सरगम गाए सुस्वागतम” स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत की।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button