बिलासपुर….खेती के सीजन से पहले किसानों को अमानक खाद बेचने के खेल पर कृषि विभाग ने बड़ा वार किया है। रतनपुर क्षेत्र में की गई ताबड़तोड़ जांच के दौरान करीब 180 क्विंटल संदिग्ध और अमानक उर्वरक की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई। कार्रवाई के बाद खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने उर्वरक और कृषि आदान प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया। अभियान का नेतृत्व उप संचालक कृषि पी. डी. हथेश्वर के मार्गदर्शन में किया गया।

रिकॉर्ड खंगाले तो खुल गई गड़बड़ियां

निरीक्षण के दौरान सेवा सहकारी समिति चपोरा, महेश्वरी कृषि केंद्र रतनपुर, मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर, सेवा सहकारी समिति रतनपुर और उन्नत कृषि सेवा केंद्र रतनपुर की जांच की गई।

जांच में कई प्रतिष्ठानों में रिकॉर्ड संधारण और भंडारण संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद संबंधित संस्थाओं और विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

180 क्विंटल खाद पर तत्काल प्रतिबंध

सबसे बड़ी कार्रवाई में मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर में भंडारित एनपीके उर्वरक की लगभग 180 क्विंटल मात्रा पर तत्काल प्रभाव से विक्रय प्रतिबंध लगा दिया गया। विभाग को आशंका है कि यह उर्वरक मानक गुणवत्ता के अनुरूप नहीं है।

किसानों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

कृषि विभाग ने साफ कहा है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। गुणवत्ताहीन खाद-बीज बेचने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

निरीक्षण दल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी संतोष टोंडे सहित कृषि विकास अधिकारी और उर्वरक निरीक्षक रतनपुर शामिल रहे।

जिलेभर में बढ़ेगी निगरानी

विभाग ने संकेत दिए हैं कि खाद और बीज की गुणवत्ता को लेकर जिलेभर में लगातार निगरानी अभियान चलाया जाएगा ताकि किसानों को समय पर सही और गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध हो सके।