CG Weather ।छत्तीसगढ़ में नवंबर के महीने के साथ ही गुलाबी ठंड ने अपनी दस्तक दे दी है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में रात के समय तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की जाने लगी है, जिससे हल्की कंपकंपी महसूस होने लगी है।

CG Weather।मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक सुबह और शाम के वक्त सर्द हवाओं का असर ऐसा ही बना रहेगा।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, इस समय सरगुजा संभाग का अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 11.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

इसके विपरीत, दुर्ग जिले में अभी भी गर्मी का असर थोड़ा ज्यादा है, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं राजधानी रायपुर में दिन में आसमान साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम के जानकारों के अनुसार, मध्य अंडमान सागर के आसपास एक नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हो चुका है।

इसके असर से दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया यानी निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो आगे चलकर डिप्रेशन में भी बदल सकता है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि इस वेदर सिस्टम का छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा और राज्य में बारिश के कोई भी आसार नहीं हैं।