बिलासपुर..समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही जिले में धान के अवैध भंडारण और कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गुरुवार को राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने सात ठिकानों पर दबिश देकर 200.40 क्विंटल धान जब्त किया। कार्रवाई चकरभाठा, कोटा, गतौरा, बेलगहना, किरारी और मझवानी क्षेत्र में की गई। प्रशासन को आशंका है कि निजी तौर पर संग्रहित धान को खरीदी शुरू होने के बाद उपार्जन केंद्रों में खपाने की कोशिश हो सकती है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर संबंधित एसडीएम और तहसीलदारों के नेतृत्व में टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान संग्रहण स्थलों की जांच की। चकरभाठा के नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल और श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल धान मिला। कोटा की श्रीराम राइस मिल से 50.40 क्विंटल तथा ग्राम गतौरा के अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल धान जब्त किया गया।

इसी तरह बेलगहना के विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, ग्राम किरारी के राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल और मझवानी, दारसागर स्थित पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान की जब्ती हुई। सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होनी है। इसके पहले हुई इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन निजी भंडारण और धान के कारोबार पर निगरानी बढ़ा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध संग्रहण और अनधिकृत कारोबार के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।