Cg news।जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में राजस्व रिकॉर्ड और खसरा अभिलेखों के साथ अवैध रूप से छेड़छाड़ करने वाले लापरवाह और भ्रष्ट अमले के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है।

जिले के पामगढ़ और चांपा अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले कुल 4 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन पटवारियों पर आरोप है कि उन्होंने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर और बिना किसी सक्षम अधिकारी के अनुमोदन के ‘भुइयां आईडी’ के जरिए खसरा नंबरों के रकबे में अवैध रूप से परिवर्तन किया था।

पामगढ़ अनुविभाग में तीन पटवारियों पर एक्शन

पामगढ़ एसडीएम द्वारा की गई इस कार्रवाई में तीन पटवारियों महादेव देवांगन (पटवारी हल्का नंबर 14, ग्राम मुड़पार ब) मोहन साहू (पटवारी हल्का नंबर 27, ग्राम भुईगांव) वअमृतलाल रात्रे (पटवारी हल्का नंबर 23, ग्राम राहौद) को निलंबित कर दिया है।

इन सभी के खसरा नंबरों की डिजिटल लॉग रिपोर्ट की जब तकनीकी जांच कराई गई, तो यह स्पष्ट हुआ कि इन्होंने बिना किसी उच्चाधिकारी के आदेश के भुइयां आईडी के जरिए चुपचाप रकबे में बदलाव कर दिया था। इस गंभीर कृत्य को उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर का कार्य माना गया। प्रशासन द्वारा इस बाबत जारी किए गए ‘कारण बताओ नोटिस’ का जवाब भी इन पटवारियों द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके बाद निलंबन की गाज गिरी है।

चांपा अनुविभाग में भी एक पटवारी नपे

चांपा अनुविभाग के अंतर्गत सारागांव तहसील के ग्राम सरवानी में पदस्थ पटवारी केशव सिंह मरावी (पटवारी हल्का नंबर 16) के खिलाफ भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।

ग्राम सरवानी के खसरा नंबर 450/1 और 450/2 के रकबे में अवैधानिक तरीके से परिवर्तन किए जाने की शिकायत मिली थी। इस पर तहसीलदार सारागांव ने लॉग प्रविष्टियों (Log Entries) की विस्तृत जांच कर अपना प्रतिवेदन सौंपा था। जांच में यह सामने आया कि भुइयां आईडी पर रकबा बदलने के लिए किसी भी सक्षम अधिकारी की अनुमति या अनुमोदन नहीं लिया गया था। प्रशासन द्वारा पूछे गए स्पष्टीकरण का जवाब भी संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया।

नियम-9 के तहत कार्रवाई, तय किया गया मुख्यालय

प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, चारों निलंबित पटवारियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। निलंबन की इस अवधि के दौरान नियमानुसार इन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

कार्रवाई के बाद इनका नया कार्य-मुख्यालय भी निर्धारित कर दिया गया है:

महादेव देवांगन, मोहन साहू और अमृतलाल रात्रे का मुख्यालय तहसील कार्यालय पामगढ़ की कानूनगो शाखा बनाया गया है। केशव सिंह मरावी का मुख्यालय तहसील कार्यालय सारागांव तय किया गया है, और उनके खिलाफ निलंबन अवधि के दौरान औपचारिक विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इस बड़ी कार्रवाई से राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया है।