बिलासपुर…नाबालिग को कथित तौर पर देह व्यापार के जाल में धकेलने और अलग-अलग लोगों से उसका यौन शोषण कराने के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने तीन आरोपियों को राहत देने से इनकार कर दिया है। जस्टिस राकेश मोहन पांडे की सिंगल बेंच ने लखविंदर कौर उर्फ लकी, आनंद कुर्रे और बी. केशवन रेड्डी उर्फ केशव की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं। सुनवाई के दौरान पीड़िता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में उपस्थित होकर आरोपियों की जमानत का विरोध किया।

अभियोजन के मुताबिक, पीड़िता का भाई नौकरी के सिलसिले में विशाखापत्तनम गया था। इस दौरान उसे मौसी हरजिंदर कौर की देखरेख में छोड़ा गया था। आरोप है कि मौसी ने पैसों का लालच देकर 20 मई 2025 को उसे रामनगर स्थित सह-आरोपी सुलोचना टांडी के घर पहुंचाया। वहां उसकी तस्वीरें अलग-अलग लोगों को भेजकर चार से पांच हजार रुपये के बदले उनके पास भेजा जाने लगा। पीड़िता को सुलोचना के घर, पावर हाउस और रायपुर रोड के होटलों में ले जाकर कई लोगों द्वारा यौन शोषण किए जाने का आरोप है। विरोध करने या किसी को जानकारी देने पर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई थी। बाद में पीड़िता ने अपनी बड़ी मौसी को आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज हुई।

जांच में लखविंदर कौर की भूमिका को लेकर सह-आरोपी के बयान और मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड जुटाए गए। वहीं पीड़िता ने केशवन रेड्डी को यौन शोषण करने वालों में शामिल बताया। आनंद कुर्रे पर आरोप है कि वह 20 मई से 2 जुलाई 2025 के बीच कई बार कार से पीड़िता को ले गया और उसका यौन शोषण किया। पुलिस ने तीनों सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 98, 3(5), 64 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपपत्र पेश किया है।

जमानत के विरोध में राज्य की ओर से सरकारी अधिवक्ता शरद मिश्रा ने दलील दी कि मामला नाबालिग के संगठित देह व्यापार और बार-बार यौन शोषण से जुड़ा है। अभियोजन के अनुसार घटना के समय पीड़िता की उम्र करीब 17 वर्ष 10 महीने थी। अदालत के निर्देश पर 2 सितंबर 2026 को पीड़िता अपने भाई के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश हुई और जमानत का विरोध किया।

हाईकोर्ट ने कहा कि मामला किसी एक घटना तक सीमित नहीं है। पीड़िता के धारा 183 के तहत दर्ज बयान में आरोपियों की भूमिका को लेकर विशिष्ट आरोप हैं। अदालत ने लखविंदर कौर के मामले में कॉल डिटेल और सह-आरोपी के बयान को महत्वपूर्ण माना। केशवन रेड्डी के मामले में पिछली जमानत याचिका खारिज होने के बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं पाया, जबकि आनंद कुर्रे के खिलाफ भी गंभीर और विशिष्ट आरोप हैं। कोर्ट ने आरोपों की प्रकृति और जांच में जुटाए गए साक्ष्यों को देखते हुए तीनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं।