CG News: सक्ती। छत्तीसगढ़ में सरकारी नियंत्रण वाली शराब दुकानों से बिकने वाले माल की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश के सक्ती जिले में एक शासकीय देसी शराब दुकान से खरीदी गई सीलपैक बोतल के भीतर एक कीड़ा तैरता हुआ मिला है।

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शराब उपभोक्ताओं के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले 10 दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ में पैकेजिंग और गुणवत्ता में लापरवाही का यह दूसरा बड़ा मामला सामने आया है।

यह ताजा मामला सक्ती जिले के डभरा स्थित शासकीय देसी शराब दुकान का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एक ग्राहक ने इस दुकान से ‘प्लेन’ ब्रांड का एक पौवा (शराब की छोटी बोतल) खरीदा था। ग्राहक जब शराब पीने के लिए बोतल खोलने लगा, तो सीलपैक शीशी के भीतर उसे एक कीड़ा साफ तैरता हुआ नजर आया।

ग्राहक ने तुरंत इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब इलाके में तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है।

इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और उपभोक्ताओं का कहना है कि शासकीय दुकानों पर बिकने वाली शराब की गुणवत्ता उच्च स्तर की होनी चाहिए और नियमों को पूरी कड़ाई से लागू किया जाना चाहिए।

इस घटना ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि इससे ठीक पहले बालोद जिले के तांदुला डैम के पास स्थित देसी शराब दुकान में भी ऐसी ही बड़ी गड़बड़ी सामने आई थी। वहां खरीदी गई ‘रोमियो’ ब्रांड की शराब की बोतल के अंदर कांच के नुकीले टुकड़े तैरते हुए पाए गए थे। उस वक्त कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने खुद इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसके बाद आबकारी विभाग ने जांच का आश्वासन दिया था।

आबकारी विशेषज्ञों और जानकारों के अनुसार, इस तरह सीलपैक सामानों में कीड़े या कांच के टुकड़े मिलना सीधे तौर पर बॉटलिंग प्लांट में पैकिंग के दौरान घोर लापरवाही, रख-रखाव में कमी या गंभीर तकनीकी खामियों की ओर इशारा करता है। हालांकि, विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि केवल वायरल वीडियो के आधार पर किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचना सही नहीं होगा, इसके लिए संबंधित बोतल की बकायदा लैब टेस्टिंग जरूरी है।

इस पूरे संवेदनशील मामले पर जब सक्ती जिले के प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला से जानकारी ली गई, तो उनका रुख थोड़ा अलग नजर आया।

उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विभाग की एक टीम को डभरा दुकान पर जांच के लिए भेजा गया था। हालांकि, जांच के दौरान यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह शराब वास्तव में किस व्यक्ति ने और किस दुकान से खरीदी है, क्योंकि अब तक विभाग के पास किसी भी पीड़ित ग्राहक ने लिखित में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला ने यह भी तर्क दिया कि वायरल हो रहे वीडियो में शराब की शीशी पर कोई स्पष्ट सरकारी लेबल या सील नंबर साफ दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे दुकान की पहचान सुनिश्चित की जा सके। विभाग ने एहतियातन शराब दुकान के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को भी खंगाला है, लेकिन उसमें कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई।