Cg news -बिलासपुर। पीजीबीटी कॉलेज में तबादला का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर ही गंभीर सवाल उठ खड़ा हुआ है। पूर्व प्राचार्य का फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी लेटरहेड के सहारे शिकायत सीधे डीपीआई को भेज दी गई।

फर्जी शिकायत के आधार पर राज्य सरकार ने पांच प्राध्यापकों का जिले से बाहर तबादला कर दिया। पुलिस जांच में शिकायत फर्जी मिली है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है।

छत्तीसगढ़ बिलासपुर तारबाहर स्थित पीजीबीटी कॉलेज में तत्कालीन प्राचार्य मीता मुखर्जी के फर्जी हस्ताक्षर और सील का इस्तेमाल कर 5 प्राध्यापकों के तबादले का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

कर्मचारियों ने कूटरचित तबादला प्रस्ताव तैयार कर स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय और संचालक के समक्ष पेश किया। इसी प्रस्ताव के आधार पर सहायक प्राध्यापक नूर मोहम्मद रिजवी, व्याख्याता करीम खान, डॉ. सलीम जावेद और विद्याभूषण शर्मा समेत 5 शिक्षकों का तबादला कराया गया।

मामले की शिकायत के बाद एसएसपी ने तारबाहर थाना प्रभारी को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने पूर्व प्राचार्य मीता मुखर्जी, गवाह सोहित कुमार पटेल, अमर कुमार मलिक, माया दत्ता और कार्यालय स्टाफ सुखनंदन लाल साहू के बयान दर्ज किया है।

संस्थान से जब्त मूल दस्तावेज और सील का मिलान करने पर प्रस्ताव में किए गए हस्ताक्षर फर्जी पाए गए। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

जारी आदेश क्रमांक 617 में तिथि 13 नवंबर 2025 दर्ज है, शैक्षणिक सत्र 2025-26 की जगह 2026-27 लिखा गया था। छात्राओं ने कॉमन रूम का दरवाजा बदलवाने के लिए आवेदन दिया था।

उसकी हस्ताक्षर सूची को काटकर संचालक एससीईआरटी के नाम से फर्जी छात्र संघ का लेटरपैड तैयार किया गया और उसे शिकायत के साथ चस्पा कर दिया गया।

संस्था की सील पर तत्कालीन प्राचार्य के हस्ताक्षर किए गए, जिसे उन्होंने अपने हस्ताक्षर होने से साफ इनकार किया है।

तारबाहर टीआई रवि तिवारी ने बताया कि शिकायत की जांच में मामला सही पाए जाने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318 (4) (धोखाधड़ी), 336 (3), 336 (4) (दस्तावेजों की कूटरचना) व 340 (कूटरचित (कू दस्तावेज को असली के रूप में इस्तेमाल करना) के तहत के तहत केस दर्ज किया है। संलिप्त कर्मियों की पहचान कर कार्रवाई करेंगे।