बिलासपुर: बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक के बेहरामुड़ा स्थित अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राथमिक शाला के एक सहायक शिक्षक के खिलाफ जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल निलंबन के आदेश दिए हैं। आरोप है कि शिक्षक 3 अक्टूबर को शराब के नशे में स्कूल परिसर पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शिक्षक करीब 10 महीने से वेतन नहीं मिलने की शिकायत करते नजर आ रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि शिक्षक को तुरंत निलंबित किया जाए और 24 घंटे के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन जिला शिक्षा कार्यालय भेजा जाए। समय पर कार्रवाई नहीं होने पर संस्था के समस्त वेतन भुगतान रोकने की चेतावनी भी दी गई है।

शासकीय हाईस्कूल बेहरामुड़ा के प्राचार्य और संकुल शैक्षणिक समन्वयक ने शिकायत के आधार पर जांच कर प्रतिवेदन डीईओ को सौंपा। डीईओ ने शिक्षक के व्यवहार को शिक्षक की गरिमा और शासकीय आचरण के विपरीत बताया है।

कोटा ब्लॉक में हाल ही में अन्य मामले भी सामने आए हैं। सोनपुरी प्राथमिक स्कूल के सहायक शिक्षक अभिमन्यु मरकाम को लंबी गैरहाजिरी और शराब के नशे में बीईओ कार्यालय पहुंचने के आरोप में निलंबित किया गया था। मुसियारी प्राथमिक स्कूल में एक शिक्षक पर छात्रा से मारपीट का आरोप लगा है, जिस पर बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने जांच रिपोर्ट मांगी है।