CG News: जिला प्रशासन द्वारा कोरबा जिले के आत्मानंद स्कूलों में निकाली गई शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों की संविदा भर्ती को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।

इस संबंध में कार्यालय कलेक्टर एवं अध्यक्ष, स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल संचालन प्रबंधन समिति जिला-कोरबा द्वारा एक आधिकारिक ‘विज्ञापन निरस्तीकरण आदेश’ जारी किया गया ह।

जारी किए गए आधिकारिक आदेश (क्रमांक/अंग्रेजी माध्यम/स्था./2026-27/1388) के अनुसार, इससे पहले जिला समिति द्वारा गत 6 मई 2026 को एक विज्ञापन (क्रमांक/793) जारी किया गया था।

इसके तहत जिले में संचालित विभिन्न स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में रिक्त पड़े शैक्षणिक तथा गैर-शैक्षणिक पदों को संविदा आधार पर भरने के लिए आवेदन मंगाए गए थे।

इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर जिले भर के युवाओं में भारी उत्साह था और बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने इसके लिए अपने आवेदन जमा किए थे।

लेकिन इसी बीच लोक शिक्षण संचालनालय (DPI), इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर द्वारा 30 मई 2026 को एक राज्य स्तरीय पत्र (क्रमांक/पी.ए/संचालक/2026-27/246) जारी किया गया। इस पत्र के माध्यम से पूरे छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में वर्तमान में चल रही सभी संविदा भर्तियों को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्देश दिया गया था।

उच्च स्तर से मिले इसी कड़े निर्देश के परिपालन में कोरबा कलेक्टर एवं अध्यक्ष (प्रबंधन समिति) ने 1 जून 2026 को यह निरस्तीकरण आदेश जारी किया है। आदेश में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि कोरबा जिला अंतर्गत संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के लिए पूर्व में विज्ञापित शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक रिक्त पदों पर की जा रही संविदा भर्ती को पूर्णतः निरस्त किया जाता है।