रामानुजगंज..( पृथ्वी लाल केशरी)…भारतीय जनता पार्टी ने जिले के प्रतिष्ठित सर्राफा व्यवसायी राजेश सोनी को जिला व्यापार प्रकोष्ठ का सहसंयोजक नियुक्त किया है। संगठन की ओर से मिली इस जिम्मेदारी के बाद व्यापारिक और राजनीतिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

नवीन दायित्व मिलने पर राजेश सोनी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को संगठन तक पहुंचाने और पार्टी की नीतियों को व्यापारी वर्ग तक ले जाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

जिला अध्यक्ष ने दी बधाई

भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने राजेश सोनी को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक सक्रियता सराहनीय रही है। यह नया दायित्व उनके अनुभव और कार्यक्षमता का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में राजेश सोनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। व्यापार प्रकोष्ठ की बैठकों और कार्यक्रमों के सफल संचालन में संगठन उनका पूरा सहयोग करेगा।

राजनीतिक विरासत,जनसेवा का अनुभव

राजेश सोनी स्वर्गीय जगदीश सोनी के पुत्र हैं। उनके पिता भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए रामानुजगंज मंडल अध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं।

राजेश सोनी स्वयं भी लंबे समय तक नगर पंचायत रामानुजगंज में पार्षद रह चुके हैं और सामाजिक व जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। व्यापारिक क्षेत्र के साथ-साथ संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उनकी नियुक्ति को भाजपा के व्यापारिक नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।