CG News.रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गोल बाजार थाना क्षेत्र में लड़कियों की निजता से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नाबालिग ने बाथरूम में नहाते समय चार लड़कियों के चोरी-छिपे वीडियो रिकॉर्ड किए और उन्हें अपने दो दोस्तों को भेज दिया।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी नाबालिग के खिलाफ भी किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शास्त्री मार्केट निवासी कृष्णा लंगोटे (19) और लक्की तंगील (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

शिकायत के बाद सामने आया मामला

जानकारी के मुताबिक, एक पीड़िता ने गोल बाजार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक नाबालिग ने नहाते समय उसका चोरी-छिपे वीडियो बनाया और उसे अपने दो दोस्तों कृष्णा लंगोटे तथा लक्की तंगील को भेज दिया।

बताया गया है कि संदेह होने पर पीड़िता ने लक्की तंगील का मोबाइल फोन चेक किया। इस दौरान कथित तौर पर उसके मोबाइल में संबंधित वीडियो मिले।

जांच के दौरान उसी मोहल्ले की तीन अन्य लड़कियों के वीडियो भी मिलने की जानकारी सामने आई। इस तरह मामले में कुल चार पीड़िताओं के वीडियो बनाए जाने का आरोप है।

मोबाइल फोन जब्त, तीनों के खिलाफ कार्रवाई

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान नाबालिग और उसके दोनों साथियों की पहचान की गई। पुलिस ने कृष्णा लंगोटे और लक्की तंगील को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66E के तहत अपराध दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है।