तखतपुर/मुंगेली,,( टेकचंद करदा कारडा) ..मुंगेली जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। दसरंगपुर में सुबह की सैर पर निकले तीन लोगों को मुंगेली की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पूर्व खाद्य मंत्री और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले के बड़े पिता के बेटे अधीन मोहले सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अधीन मोहले, बल्लू बघेल और गंगाराम के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। अधीन मोहले अपने दो साथियों के साथ सुबह की सैर के लिए मुख्य मार्ग पर निकले थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रहे पिकअप वाहन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। जरहागांव थाना प्रभारी के अनुसार, मृतकों में अधीन मोहले, बल्लू बघेल और गंगाराम शामिल हैं। हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पिकअप वाहन की भूमिका और दुर्घटना के कारणों की विवेचना की जा रही है।

जर्जर सड़क पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने बिलासपुर से तखतपुर होते हुए मुंगेली तक के मार्ग की बदहाल स्थिति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर सड़क की जर्जर हालत को लेकर पहले भी शिकायतें किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब तीन लोगों की मौत के बाद सड़क की स्थिति, यातायात सुरक्षा और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सुबह की सैर पर निकले तीन लोगों की एक साथ मौत ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बदहाल मार्गों की समस्या को गंभीरता से देखने की जरूरत सामने रख दी है।