CG News/बेमेतरा/छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले की साइबर सेल और थाना परपोड़ी की संयुक्त टीम ने ग्राम वेदरचूहा के पास नहर नाली क्षेत्र में घेराबंदी कर जुआरियों के एक बड़े गिरोह को रंगे हाथों पकड़ा है।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व साइबर सेल प्रभारी मयंक मिश्रा और अलील चंद द्वारा किया गया, जिसमें पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नगदी, मोबाइल फोन और वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धरसा रोड के पास नहर किनारे बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की तस्दीक होने पर जब पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, तो वहां जुआरियों के बीच हड़कंप मच गया और भगदड़ की स्थिति बन गई।

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से 17 जुआरियों को हिरासत में लिया। छानबीन के दौरान पुलिस ने जुए की फड़ और जुआरियों के कब्जे से कुल 1 लाख 26 हजार रुपये की नगद राशि बरामद की है।

नगदी के अलावा पुलिस ने जुआरियों के पास से विभिन्न कंपनियों के 16 महंगे स्मार्टफोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 64,000 रुपये बताई जा रही है।

साथ ही मौके पर मौजूद 8 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं, जिनका मूल्य करीब 4 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत 5,90,900 रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिशोध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी बेमेतरा और दुर्ग जिले के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों में मन्नू वर्मा, देवराम वर्मा, रोहित वर्मा, चंद्रेश वर्मा, कुशल वर्मा, लच्छू वर्मा और जितेंद्र वर्मा (सभी निवासी अछोली) शामिल हैं। इनके अलावा रामरतन वर्मा (डुंडा), रोमकृष्ण तिवारी (गंडई), जितेंद्र वर्मा (अटरिया), रूपेंद्र साहू (चिल्फी), देवेंद्र निर्मलकर (गरपा), कलाराम साहू (उरमुंडा), हेमकुमार सतनामी (अगार), तीरथ लोधी (धांधर), मनहर रंजीत साहू (कुकुरमुरा) और तेजराम जघेल (चोरभट्टी) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।