cg news/छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई युवक की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। डेयरी फार्म रोड पर मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के मार्गदर्शन में गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुँचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और तीन मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।

हत्या की यह वारदात 10 जनवरी की सुबह तब सामने आई जब गांधीनगर के सुभाषनगर निवासी बबलू मंडल का लहूलुहान शव अंकिता एग सेंटर के सामने सड़क पर पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने जब शव का मुआयना किया तो मृतक के गले पर खिंचाव के निशान और पेट में चाकू के गहरे घाव मिले। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो गया कि पेट में धारदार हथियार से वार करने के कारण ही अत्यधिक रक्तस्राव से युवक की मौत हुई है। इस गंभीर मामले को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच का दायरा बढ़ाया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों की पहचान होने के बाद पुलिस ने केनापारा निवासी सुमित एक्का, मुक्तिपारा के प्रमोद तिवारी उर्फ टक्कू और सोनी मोहल्ला निवासी सुस्मिता हरिला उर्फ सोनिया को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक बबलू मंडल आए दिन उनके साथ गाली-गलौज करता था और सुस्मिता का पीछा कर उसे धमकी देता था। मृतक की इन हरकतों से परेशान होकर आरोपियों ने उसे सबक सिखाने की योजना बनाई।

घटना वाली रात जब बबलू मंडल का सामना आरोपियों से हुआ, तो पहले उनके बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान आवेश में आकर सुमित एक्का ने अपने पास रखे चाकू से बबलू के पेट पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने हत्या में प्रयुक्त चाकू को प्रिंसेस कॉटेज के सामने कचरे के ढेर में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वह चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले में शामिल महिला आरोपी सुस्मिता का पति पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।