दुर्ग/दुर्ग जिले में साइबर ठगों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को अपनी जालसाजी का शिकार बनाया है।

ऑनलाइन ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश के नाम पर भारी मुनाफे का प्रलोभन देकर ठगों ने रिटायर्ड सीनियर मैनेजर के जीवन भर की कमाई से 28 लाख 50 हजार रुपये पार कर दिए। इस सनसनीखेज मामले में भिलाईनगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी आर राजू वर्ष 2024 में भिलाई स्टील प्लांट में सीनियर मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपनी मेहनत की कमाई को उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यश बैंक समेत अन्य खातों में सुरक्षित रखा था और वे समय-समय पर रिलायंस और टाटा जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के शेयरों में निवेश भी करते थे।

ठगी के इस खेल की शुरुआत बीते 17 सितंबर को हुई जब उनके पास कियारा शर्मा नामक एक महिला का व्हाट्सएप कॉल आया जिसने खुद को एक इंस्टीट्यूशनल स्टॉक ब्रोकर की असिस्टेंट बताया। उसने दावा किया कि उनके विशेष व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ट्रेडिंग करने पर निवेशक को 90 प्रतिशत तक का बंपर लाभ प्राप्त होगा।

महिला के झांसे में आकर प्रार्थी ‘के-999 फाइनेंशियल फ्री क्लब’ नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल हो गए जिसमें पहले से ही 59 सदस्य जुड़े हुए थे। विश्वास जीतने के लिए ठगों ने पहले छोटे निवेश पर मोटा मुनाफा दिखाया।

प्रार्थी ने जब उक्त ग्रुप के माध्यम से टाटा, मारुति और रिलायंस जैसी कंपनियों में 70 हजार रुपये का निवेश किया तो उन्हें डिजिटल स्क्रीन पर 50 हजार रुपये का लाभ दिखाया गया। इस शुरुआती मुनाफे ने प्रार्थी का भरोसा जीत लिया और वे ठगों के अगले बड़े जाल में फंस गए। इसके बाद शातिर अपराधियों ने उन्हें आईपीओ के जरिए लिस्टेड कंपनियों के शेयर खरीदने का लालच दिया और भारी भरकम रिटर्न का सपना दिखाया।

साइबर अपराधियों ने प्रार्थी को विश्वास दिलाया कि यदि वे अलग-अलग बैंक खातों में 67 लाख रुपये जमा करते हैं तो उन्हें मात्र दो दिन के भीतर 4 करोड़ रुपये का रिटर्न मिलेगा।

प्रार्थी के पास इतनी बड़ी राशि उपलब्ध नहीं थी इसलिए उन्होंने अलग-अलग किस्तों में कुल 28 लाख 50 हजार रुपये बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। जैसे ही बड़ी रकम ठगों के हाथ लगी उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप बंद कर दिया और संपर्क के सभी रास्ते खत्म कर लिए। खुद को ठगा हुआ महसूस करने के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल भिलाईनगर पुलिस बैंक खातों के विवरण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।