सरगुजा। छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र के ग्राम समनिया में सोमवार सुबह गांव में भालू आ गया, भालू ने दंपती सहित तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया।

मिली जानकारी मुताबिक भालू ने पंजा मारकर और दांत से काटकर तीनों को घायल कर दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए डंडे लेकर दौड़े तब कहीं भालू वापस जंगल की तरफ भागा।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे फुलेश्वरी मझवार (65) उसका पति नेहरू मझवार (70) और सियाराम कुजूर (70) घर के बाहर धूप ताप रहे थे। इसी दौरान जंगल से भटक कर एक भालू गांव में घुस आया और अचानक तीनों पर हमला कर दिया।

तीनों बुजुर्ग आपस में बातचीत कर रहे थे। उन्हें संभलने का अवसर ही नहीं मिला। भालू ने तीनों को जमीन पर गिरा कर नोंचना शुरू कर दिया। ग्रामीण खुद को बचाने के लिए संघर्ष करते रहे और शोर मचाना शुरू कर दिया।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण डंडा लेकर दौड़े और शोर मचाते हुए भालू को घेर लिया। ग्रामीणों के आने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। हमले में फुलेश्वरी मझवार गंभीर रूप से घायल हो गई है।

उसे सिर, हाथ और पीठ पर गहरे जख्म आए हैं। तीनों घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल कमलेश्वरपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल फुलेश्वरी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। दो अन्य घायलों का कमलेश्वरपुर में इलाज चल रहा है।

सूचना मिलने के बाद वन अमला अस्पताल पहुंचा और घायलों के इलाज में मदद कर रहा है। घटना के बाद से गांव में भय का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को फिलहाल जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है। मैनपाट के कई क्षेत्रों में भालुओं का विचरण होता है।

कई बार ये सड़क के नजदीक आ जाते हैं लेकिन इस बार भालू बस्ती में प्रवेश कर गया था।