अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की घुनघुट्टा डैम में डूबने से मौत हो गई। युवक गुरुवार को स्कूटी से डैम पहुंचा था, जहां उसने पानी में छलांग लगा दी। घटना के करीब 15 घंटे बाद शुक्रवार को SDRF की टीम ने कई घंटे की तलाश के बाद उसका शव बरामद किया। घटना दरिमा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर चौक निवासी रीतिक साहू (19) गुरुवार दोपहर स्कूटी से घुनघुट्टा डैम पहुंचा था। आसपास मौजूद मछुआरों और कर्मचारियों ने उसे पानी में छलांग लगाते देखा। उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन डैम में पानी की गहराई अधिक होने के कारण रीतिक का पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलने पर दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची। शाम होने और अंधेरा बढ़ने के कारण गुरुवार को रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। शुक्रवार सुबह SDRF की टीम डैम पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1 बजे टीम ने रीतिक का शव पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस को रीतिक के दोस्तों और रिश्तेदारों से जानकारी मिली कि डैम जाने से कुछ समय पहले उसने अपने Instagram अकाउंट पर फिल्म ‘आशिकी-2’ से जुड़ी एक स्टोरी पोस्ट की थी। हालांकि, इस सोशल मीडिया पोस्ट और युवक की मौत के बीच कोई संबंध था या नहीं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

पुलिस घटना की परिस्थितियों और युवक की मौत के कारणों की जांच कर रही है।

परिजनों के मुताबिक, रीतिक के पिता लक्ष्मण साहू की कई साल पहले मैनपाट क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां अपने दोनों बच्चों के साथ बिलासपुर चौक स्थित मायके आ गई थी और काम करके परिवार का पालन-पोषण कर रही थी।

रीतिक ने इसी साल एक निजी स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की थी और हाल ही में कॉलेज में दाखिला लिया था। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई में अच्छा था। उसकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है। परिजन भी यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि आखिर किन परिस्थितियों में रीतिक डैम पहुंचा और पानी में क्यों गया। पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।