CG highcourt।बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के आयुष विभाग में कार्यरत फार्मासिस्ट ग्रेड-दो के लिए राहत भरी खबर है। बिलासपुर हाई कोर्ट ने कर्मचारियों की याचिका का निराकरण करते हुए राज्य शासन को 5200-20200 वेतनमान और 2400 ग्रेड-पे का लाभ 1 जनवरी 2016 के बजाय 1 अप्रैल 2006 से देने का निर्देश दिया है।

इसके साथ ही कर्मचारियों के वेतन का दोबारा निर्धारण और अन्य सेवा लाभों में आवश्यक संशोधन भी करना होगा। अदालत ने पूरी प्रक्रिया आदेश की प्रति प्राप्त होने के चार महीने के भीतर पूरी करने को कहा है।

यह मामला आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित सरकारी आयुर्वेद औषधालयों में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत कर्मचारियों से जुड़ा है।

बिलासपुर जिले के अमरकंठ प्रसाद राज, कुंज बिहारी बिरको और सालिक राम बिरको, रायपुर जिले के चंपालाल दीवान तथा मुंगेली जिले के नीरसिंह ध्रुव ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।

कर्मचारियों की मांग थी कि उन्हें भी स्वास्थ्य विभाग के फार्मासिस्टों की तरह समान तिथि से वेतनमान और ग्रेड-पे का लाभ दिया जाए।

याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता रेशम लाल जायसवाल ने पैरवी करते हुए अदालत को बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत फार्मासिस्ट ग्रेड-दो को 5200-20200 वेतनमान और 2400 ग्रेड-पे का लाभ 1 अप्रैल 2006 से दिया जा रहा है। वहीं, आयुष विभाग के फार्मासिस्टों को यह लाभ 1 जनवरी 2016 से दिया जा रहा था।

याचिका में समान पद और कार्य के बावजूद वेतनमान तथा ग्रेड-पे लागू करने की अलग-अलग तारीखों को चुनौती दी गई थी।

अधिवक्ता जायसवाल ने अदालत को यह भी बताया कि इससे पहले श्रम विभाग के फार्मासिस्टों ने भी इसी तरह की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें उनके पक्ष में फैसला आया था।

मामले की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच में हुई। राज्य शासन की ओर से अधिवक्ता अक्षय उप्पल ने याचिकाकर्ताओं की मांग का विरोध नहीं किया।

हालांकि, उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारियों को लाभ देने से पहले उनके विभागीय अभिलेखों और पात्रता का विधिवत सत्यापन किया जाना चाहिए।

हाई कोर्ट ने पूर्व में पारित न्यायिक निर्णयों को आधार बनाते हुए कहा कि वर्तमान याचिका में उठाया गया विवाद भी उन्हीं फैसलों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस मामले में अलग दृष्टिकोण अपनाने का कोई औचित्य नहीं है।

हाई कोर्ट ने राज्य शासन को निर्देश दिया है कि याचिकाकर्ता फार्मासिस्टों को 1 अप्रैल 2006 से 5200-20200 वेतनमान और 2400 ग्रेड-पे का लाभ दिया जाए।

इसके अनुसार उनके वेतन का पुनर्निर्धारण किया जाएगा और अन्य सेवा लाभों में भी जरूरी संशोधन किए जाएंगे।

अदालत ने स्पष्ट किया है कि यह लाभ कर्मचारियों की पात्रता और संबंधित विभागीय अभिलेखों के सत्यापन के अधीन रहेगा।

राज्य शासन को आदेश की प्रति प्राप्त होने के चार महीने के भीतर सत्यापन, वेतन निर्धारण और अन्य जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस फैसले से आयुष विभाग के याचिकाकर्ता फार्मासिस्टों को वेतनमान और ग्रेड-पे की तिथि में समानता का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है।