CG Crime News/अंबिकापुर। रविवार को कलाकेंद्र मैदान के पास भाजपा नेता धीरज सिंह और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के बीच विवाद के बाद कोतवाली थाने में हंगामा हुआ। आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ धमकी और एसटी-एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद भाजपा नेताओं की मांग पर आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया गया।

आकांक्षा टोप्पो ने शिकायत में कहा कि चार अक्टूबर दोपहर करीब 12:30 बजे कलाकेंद्र ग्राउंड के पिछले गेट के पास धीरज सिंह ने उनके वाहन को रोका, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरज सिंह ने उनके वाहन का पीछा भी किया।

इस शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(1), 78(1) और एसटी-एससी एक्ट की धारा 3(1) के तहत FIR दर्ज की।

सूचना मिलने पर सीएसपी राहुल बंसल कलेक्टोरेट चौक पहुंचे और धीरज सिंह को थाने ले गए। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा नेता दीपक यादव, रविंद्र तिवारी, कैश मोहम्मद समेत अन्य कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेता शैलेंद्र शर्मा ने पहले सरगुजा आईजी को ज्ञापन सौंपकर दोनों पर सोशल मीडिया पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले वीडियो पोस्ट करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस आवेदन पर आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया।