बिलासपुर… न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद भी गिरफ्तारी से बचकर घूम रहे वारंटियों के खिलाफ सकरी पुलिस ने अभियान चलाकर एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ पुलिस के ऑपरेशन बॉज के तहत पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 6 स्थायी वारंटियों और 2 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर वारंटियों को पकड़ा। इनमें दीपक यादव उर्फ पीपी, निवासी सकरी बटानियन रोड नया मार्केट, राकेश टोण्डे, निवासी सकर्रा थाना हिर्री, धरम उर्फ काछी रजक, निवासी धुरीपारा मंगला, रिया जैन, निवासी सकरी तथा सत्या मोटर्स एंड ट्रैक्टर्स से जुड़े सुनील जैन, निवासी सकरी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामिली के लिए चलाए गए इस अभियान में एक दिन के भीतर 6 स्थायी और 2 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ने में सफलता मिली। कार्रवाई में निरीक्षक संजय शिंदे, प्रधान आरक्षक टीकाराम निषाद, प्रधान आरक्षक अर्चना साहू, आरक्षक जीना अनंत, मनोज बघेल, सुनील सूर्यवंशी, सज्जू अली, राजकुमार मधुकर और महिला आरक्षक प्रीति शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।