कोरबा। छत्तीसगढ़ कोरबा जिले के बालको में असिस्टेंट मैनेजर से 30 लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर आठ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अधिकारी को जरुरी कार्य के लिए लोन की जरूरत थी। उन्होंने आइडीएफसी बैंक के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया, लेकिन पहले से चल रहे लोन के कारण उनका क्रेडिट स्कोर कम था और आवेदन निरस्त हो गया।

मिली जानकारी मुताबिक बैंक से आवेदन निरस्त होने के बाद ठग ने बैंक एजेंट बनकर उनसे संपर्क किया और कम क्रेडिट स्कोर के बावजूद लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया। लोन की जरूरत होने के कारण अधिकारी उसके बताए अनुसार अलग-अलग शुल्क के नाम पर रकम भेजते गया।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार बालको में पदस्थ पाथीवाडा चक्रधर कंपनी के जीटी हास्टल में रहते हैं। उन्हें कुछ जरुरी काम के लिए करीब 30 लाख रुपये की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने आइडीएफसी बैंक के पोर्टल पर ऑनलाइन लोन का आवेदन किया। उनका पहले से एक लोन चल रहा था, जिसके कारण क्रेडिट स्कोर कम था।

इसी वजह से बैंक ने नया लोन आवेदन निरस्त कर दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने कॉल किया और खुद को आइडीएफसी बैंक का एजेंट बताते हुए लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिया।

काॅलर ने लोन स्वीकृत कराने के लिए पहले 30 हजार रुपये ऑनलाइन जमा करने को कहा। पाथीवाडा ने 13 से 18 अगस्त के बीच यूपीआइ के माध्यम से रकम भेज दी।

इसके बाद उनके मोबाइल पर 30 लाख रुपये का लोन सेंशन आर्डर भी भेजा गया। इससे उन्हें लोन स्वीकृत होने का भरोसा हुआ।

लोन की राशि खाते में नहीं आई तो उन्होंने एजेंट से संपर्क किया। इस पर प्रोसेसिंग फीस, सिक्यूरिटी डिपाजिट, फाइल चार्ज सहित अन्य शुल्क के नाम पर रकम मांगी गई। लोन की आवश्यकता के कारण पाथीवाडा एजेंट के बताए अनुसार अलग-अलग किस्तों में भुगतान करते गए।

उन्होंने अलग-अलग खातों में यूपीआइ के जरिए कुल 8 लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद भी लोन की राशि नहीं मिली तो उन्हें ठगी का पता चला। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों को अधिकारी के लोन आवेदन और उससे जुड़ी जानकारी कैसे मिली।

पाथीवाडा ने बालकोनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि फोन करने वालों ने अपना नाम प्रेम वर्मा और विकास शुक्ला बताया था।

हालांकि, दोनों की वास्तविक पहचान और पता अभी साफ नहीं है। शिकायतकर्ता ने बैंक लेन-देन का स्टेटमेंट, भुगतान पर्ची, काॅल रिकार्ड, वाट्सएप चैट और मोबाइल नंबर सहित अन्य जरुरी इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच कर रही है।