तेल-गैस को लेकर हाई अलर्ट: बिलासपुर में सरकार की सीधी निगरानी, सिस्टम फुल एक्टिव
तेल संकट की दस्तक: बिलासपुर में अलर्ट… गैस-पेट्रोल पर सरकार की कड़ी नजर, हेल्पलाइन जारी

बिलासपुर..पश्चिम एशिया में बने हालात का असर अब प्रशासनिक सतर्कता में साफ दिख रहा है। संभावित आपूर्ति व्यवधान की आशंका के बीच बिलासपुर संभाग में गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शासन ने मोर्चा संभाल लिया है। राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है, जबकि संभाग स्तर पर कमिश्नर और आईजी ने सीधे निगरानी अपने हाथ में ले ली है।
संकट के बीच सिस्टम एक्टिव
राज्य शासन ने घरेलू गैस और ईंधन आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए खाद्य विभाग के तहत राज्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। आम नागरिकों के लिए 1800-233-3663 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जहां कॉल कर गैस और ईंधन से जुड़ी हर जानकारी और सहायता मिल सकेगी।
कमिश्नर-आईजी की सीधी निगरानी
संभागीय कमिश्नर सुनील जैन और आईजी रामगोपाल गर्ग ने मंथन सभाकक्ष में हाई लेवल समीक्षा बैठक लेकर कलेक्टर, एसपी और तेल कंपनियों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए—
किसी भी हालत में सप्लाई बाधित नहीं
बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित प्रशासनिक और वितरण तंत्र से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
हर हाल में उपलब्धता, अफवाहों पर वार
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस, उर्वरक और अन्य जरूरी वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। साथ ही साफ कहा गया—
अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाए और हर भ्रामक खबर का तुरंत खंडन किया जाए।
कंट्रोल रूम पर फोकस
राज्य कंट्रोल रूम नंबर 1800-233-3663 के व्यापक प्रचार के निर्देश दिए गए हैं। हर जिले में लोकल कंट्रोल रूम को भी एक्टिव रखते हुए शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कालाबाजारी-जमाखोरी पर सख्ती
कमिश्नर ने साफ संदेश दिया—ईंधन या गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं होगी।
पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। किसानों के लिए उर्वरक की उपलब्धता पर भी विशेष फोकस रखा गया है।
सीमाओं पर सख्त निगरानी
आईजी ने सीमावर्ती चेक पोस्टों पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के परिवहन पर नजर रखने के साथ अवैध बिक्री पर रोक लगाने को कहा गया है।
फिलहाल सप्लाई सामान्य
तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल संभाग में पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। प्रशासन ने संकेत दिया—तैयारी पूरी है, ताकि किसी भी हालात में आमजन को परेशानी न हो।





