रील से रची गई चोरी की पूरी स्क्रिप्ट..रायपुर समेत कई जिलों में सिलसिलेवार वारदातें, 28 लाख का माल बरामद

रायपुर… राजधानी रायपुर और आसपास के जिलों में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला ने प्रेस वार्ता में बताया कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के कुल 8 मामलों का खुलासा कर दिया गया है। इन मामलों में शामिल 6 आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 28 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी, नकदी, दोपहिया वाहन और अन्य सामान जब्त किया गया है।
सोशल मीडिया से मिला अपराध का आइडिया
जांच के दौरान पुलिस के सामने चौंकाने वाला तथ्य आया कि आरोपी मोबाइल फोन पर चोरी से जुड़े रील्स देखकर वारदात की योजना बनाते थे। सोशल मीडिया पर देखे गए तरीकों को अपनाकर आरोपी सूने मकानों और ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पहले इलाके की रेकी करता था और फिर तय योजना के तहत चोरी को अंजाम देता था।
सूने मकान बने आसान निशाना
थाना खम्हारडीह क्षेत्र के अवंति विहार सेक्टर-01 में एक परिवार के दिल्ली जाने के दौरान बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। इसी तरह थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के रोहिणीपुरम में भी सूने मकान में सेंधमारी कर लाखों की चोरी की गई। मौके से लोहे की रॉड, सब्बल, दस्ताने और मोबाइल जैसे औजार बरामद हुए, जिससे यह साफ हुआ कि चोरी पूरी तैयारी के साथ की गई थी।
शादी और कार्यक्रमों का उठाया फायदा
थाना पुरानी बस्ती और विधानसभा क्षेत्र में भी ऐसे ही मामलों में आरोपी सफल रहे। शादी और पारिवारिक कार्यक्रमों में गए लोगों के घरों को निशाना बनाकर अलमारी के लॉकर तोड़े गए और जेवरात व नकदी चोरी की गई।
ज्वेलरी दुकानों में ग्राहक बनकर घुसे चोर
आरोपियों ने ज्वेलरी दुकानों में भी शातिर तरीका अपनाया। थाना आरंग क्षेत्र में दो दुकानों से सोने के लॉकेट चोरी किए गए। आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और मौका मिलते ही जेवर लेकर फरार हो गए। वहीं पलारी में मंगलसूत्र चोरी का प्रयास किया गया, हालांकि शोर मचने पर आरोपी जेवर फेंककर भाग निकला।
बाइक चोरी का भी खुलासा
थाना पंडरी क्षेत्र में दुकान के बाहर खड़ी चाबी लगी मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। पुलिस ने इस वाहन को भी बरामद कर लिया है।
हिस्ट्रीशीटर भी गिरफ्त में
खम्हारडीह और डी.डी. नगर थाना क्षेत्र की घटनाओं में संजय नेताम उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया है, जो थाना सिविल लाइन का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके कब्जे से लगभग 18 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है। अन्य थाना क्षेत्रों के मामलों में भी अलग-अलग आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस की चेतावनी और अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अपराध से जुड़े वीडियो और रील्स न देखें और न ही साझा करें। घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




