बिलासपुर… बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कछार में कथित अवैध रेत उत्खनन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम कछार निवासी एवं शासकीय कर्मचारी मनभावन खांडे ने कलेक्टर को सौंपे ताजा आवेदन में आरोप लगाया है कि अरपा नदी किनारे स्थित उनकी कृषि भूमि लगातार नुकसान झेल रही है, वहीं शिकायत करने के बाद उन्हें धमकियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

मनभावन खांडे के अनुसार उनकी खसरा नंबर 1145/1 एवं 1147 की कृषि भूमि अरपा नदी के किनारे स्थित है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लगातार रेत उत्खनन और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण नदी तट का कटाव बढ़ गया है। स्थिति यह है कि हर वर्ष उनकी भूमि का एक हिस्सा नदी में समाहित होता जा रहा है। किसान का कहना है कि पहले खेत और नदी के बीच पर्याप्त दूरी थी, लेकिन अब कटाव के कारण दोनों के बीच का अंतर तेजी से घट रहा है।

आवेदन में किसान ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में रेत उत्खनन का विरोध करने पर उन्हें और उनके परिजनों को निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि 26 मई 2026 को विवाद की स्थिति बनी, जिसमें उनके छोटे भाई के साथ मारपीट की गई। इस संबंध में कोनी थाना में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

“शिकायत वापस नहीं ली तो अंजाम भुगतने की धमकी”

मनभावन खांडे का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने और मामला उठाने के बाद कुछ लोगों द्वारा उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उनसे शिकायत वापस लेने और दर्ज प्रकरण समाप्त कराने की बात कही जा रही है। किसान ने दावा किया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी है।

उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी कलेक्टर कार्यालय, जिला प्रशासन और सुशासन तिहार में शिकायत प्रस्तुत की जा चुकी है। ताजा आवेदन के माध्यम से उन्होंने एक बार फिर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मुद्दा किसान बनाम प्रशासन नहीं, किसान बनाम रेत माफिया

ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला किसी प्रशासनिक संस्था या पुलिस के खिलाफ नहीं है। उनकी मांग केवल इतनी है कि किसानों की जमीन, नदी तट और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई हो। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि रेत के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के कारण किसानों की जमीन और प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है।

अंकित गौराहा ने उठाई आवाज

कांग्रेस नेता अंकित गौरहा ने कहा कि यदि कोई किसान अपनी जमीन बचाने के लिए आवाज उठाता है और उसे धमकियों का सामना करना पड़ता है तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुरक्षा और कृषि भूमि का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति को शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

गौरहा ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ प्रदेश स्तर पर लगातार सख्ती की बात कही जाती है। ऐसे में कछार क्षेत्र में सामने आए आरोपों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए, ताकि किसानों का विश्वास मजबूत हो और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।