LIVE UPDATE
india

होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक और उसके मामा की सड़क हादसे में मौत

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे एक युवक और उसके मामा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार हादसा शनिवार को हुआ जब साजिद खान उर्फ टीटू (18) अपने मामा मजीद खान (28) के साथ मथुरा में परीक्षा केंद्र जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि इस दौरान रास्ते में मजीद ने अपने भतीजे शाकिर (15) को भी साथ लिया था।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना टाउनशिप फ्लाइओवर के पास हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि साजिद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मजीद और शाकिर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने कहा कि दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मजीद को मृत घोषित कर दिया, जबकि शाकिर का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं और अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।

Back to top button
close