बिलासपुर. हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने हाल ही में बंद की गई बिलासपुर कोलकाता उड़ान को दोबारा शुरू करने की मुहिम जारी रखी है।

इसके लिए समिति के सदस्यों ने एलाइंस एयर प्रबंधन से संपर्क कर उन्हें बिलासपुर से कोलकाता सुबह चल रही सीधी उड़ान को पुनः प्रारंभ करने का सुझाव दिया है ।

साथ ही साथ विकल्प के रूप में कहा है कि यदि बिलासपुर कोलकाता सीधी उड़ान संभव न हो तो बिलासपुर से पटना या रांची होकर कोलकाता के लिए उड़ान चलाई जाए। इससे बिलासपुर का संपर्क रांची या पटना से अतिरिक्त रूप से जुड़ जाएगा।

पटना जहां बिहार प्रदेश की राजधानी है वही रांची झारखंड की राजधानी होने के साथ-साथ सेंट्रल कोलफील्ड और सीएमपीडीआईएल जैसी कंपनियों का मुख्यालय है जिसका लगातार वास्ता एस ई सीएल बिलासपुर से पड़ता है।

इसके अलावा बिहार और झारखंड के नागरिक बिलासपुर में बसे हुए हैं जिन्हें सीधी सुविधा मिल जाएगी। इस मार्ग पर कोलकाता जाने में उतना ही समय लगेगा जितना कि बिलासपुर से अंबिकापुर होकर जाने में लग रहा था।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने जगदलपुर से बिलासपुर होकर दिल्ली उड़ान को पुनः चलने की बात भी कही है। गौरतलब है कि करीब 1 साल पहले सप्ताह में एक दिन जगदलपुर से बिलासपुर होकर दिल्ली की उड़ान थी और एक दिन जगदलपुर से जबलपुर होकर दिल्ली की उड़ान थी। अब यह उड़ाने नहीं चल रही है।

समिति ने मांग की के सप्ताह में दो दिन जगदलपुर से बिलासपुर होकर दिल्ली उड़ान चलने से वर्तमान में बिलासपुर दिल्ली का 4 दिन का संपर्क सप्ताह में 6 दिन में बदल जाएगा।

समिति ने याद दिलाया कि जब एयरपोर्ट चालू हुआ था तो सप्ताह के सातों दिन बिलासपुर से दिल्ली के बीच एक उड़ान हुआ करती थी जो वाया जबलपुर या वाया प्रयागराज चलती थी। वर्तमान में जबलपुर होकर उड़ान बंद है और वाया प्रयागराज भी सप्ताह में केवल एक दिन उड़ान है।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना आज भी जारी रहा और  रामशरण यादव, देवेंद्र सिंह ठाकुर, बद्री यादव ,समीर अहमद बबला ,अनिल गुलहरे ,कैवर्त ,शिरीष कश्यप, प्रतीक तिवारी, नवीन तिवारी राशिद बख्श ऋषि राज गौतम शैलेंद्र यादव, मज़हर खान, अकील अली आदि उपस्थित थे।