( गिरिजेय ) बिलासपुर में पिछले बुधवार की शाम एनएसयूआई के प्रदर्शन के बाद एक वीडियो मोबाइल पर धूम मचा रहा था…। जिसमें कांग्रेस एमएलए देवेन्द्र यादव पुलिस की बस के ऊपर चढ़कर फिल्मी हीरो के अंदाज में घूमते हुए यह दिखा रहे थे कि किस तरह पुलिस ने उनका कुर्ता फाड़ दिया है। यह प्रदर्शन नीट परीक्षा पेपर लीक होने के खिलाफ किया गया था …। और इस प्रदर्शन के दो दिन बाद देवेन्द्र यादव का दूसरा वीडियो कहीं से लीक होकर सोशल मीडिया में आ गया । इस वीडियो में देवेन्द्र यादव खुद अपना कुर्ता फाड़ते हुए नजर आ रहे हैं..। ( हम दोनों ही वीडियो की पुष्टि नहीं करते ) यह वीडियो वायरल होते ही स्क्रिप्ट बदल गई…. बवाल मच गया… और कांग्रेस की सियासत में वर्चस्व की राजनीति को लेकर लोग तरह – तरह की चुटकियों के साथ सवाल भी कर रहे हैं। उधर पुलिस ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष और एमएलए देवेन्द्र यादव सहित कई लोगों के खिलाफ बलवा और दूसरी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

बिलासपुर में एनएसयूआई कांग्रेस की ओर से नीट परीक्षा के पेपर लीक होने के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया गया था। जिसमें केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू के बंगले का घेराव करने की चेतावनी दी गई थी। प्रदर्शन में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित प्रदेश के कई कांग्रेस नेता, विधायक और कार्यकर्ता शामिल थे ।  प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात का गया था । और प्रदर्शनकारियों को रोका भी गया । इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और सभी नेता करीब – करीब वहां से जा चुके थे । इसी बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और भिलाई के विधायक देवेन्द्र यादव के साथ कुछ कार्यकर्ता अचानक कलेक्टोरेट की ओर बढ़ने लगे। इस ओर अधिक पुलिस बल की व्यवस्था नहीं थी। वहां तैनात अफसरों को लगा कि कार्यकर्ता शायद डिप्टी सीएम अरुण साव के बंगले की ओर बढ़ रहे हैं। लिहाजा उन्होंने देवेन्द्र यादव सहित उनके साथियों को रोकने की कोशिश की । जिसमे पुलिस ने लाठियां भी भांजी। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई । इसके बाद ही वह सीन आया जिसमें देवेन्द्र यादव फटे कुर्ते में पुलिस की बस के ऊपर चढ़कर यह दिखा रहे हैं कि पुलिस ने किस तरह की ज्यादती की है। बाद में पुलिस पर कुर्ता फाड़ने का आरोप भी लगाया गया ।

ये खबर भी पढ़ें…
CG News-राजनांदगांव में बाल आयोग सदस्य के घर बड़ी चोरी, 40 मिनट में ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी पार
CG News-राजनांदगांव में बाल आयोग सदस्य के घर बड़ी चोरी, 40 मिनट में ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी पार
CG News-राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में चोरों ने बाल आयोग के सदस्य के घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

इसके बाद कोई दो दिनों तक लोग इस स्क्रिप्ट के हिसाब से ही एनएसयूआई के प्रदर्शन को पढ़ते रहे…। जिसमें देवेन्द्र यादव नायक के किरदार में नजर आ रहे थे । लेकिन दो दिन बाद स्क्रिप्ट बदल गई, जब एक नया वीडियो वायरल होने लगा । जिसमें देवेन्द्र यादव खुद अपना कुर्ता फाड़ते हुए नज़र आ रहे हैं। यह ड्रोन शॉट का वीडियो लगता है , जो लीक हो गया और सोशल मीडिया पर छा गया । इसके बाद बवाल मच गया । इसे लेकर अलग – अलग पक्ष अलग – अलग दावे कर रहे हैं।  सियासी हलकों में लोग चुटकियां लेने लगे कि दरअसल देवेन्द्र यादव ने सलमान खान के अंदाज में पुलिस को चुनौती देने के लिए ही अपने कुर्ते फाड़े होंगे…। दूसरी तरफ कई सवालों के बीच बिलासपुर कांग्रेस में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर भी चर्चा हो रही है। एक बार फिर इसके केन्द्र में देवेन्द्र यादव हैं।

दरअसल  बिलासपुर कांग्रेस की राजनीति में देवेंद्र यादव की दखलअंदाजी वैसे पहले से रही है। वे यूथ कांग्रेस को लेकर यहाँ आते – जाते रहे हैं। लेकिन जब 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बिलासपुर सीट से कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया गया तब से बिलासपुर की राजनीति को लेकर अधिक सक्रिय नजर आते हैं। इसके बाद यहां कांग्रेस के करीब हर कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति अलग से दिखाई देती रही है। हालांकि खेमेबाजी के हिसाब से प्रदेश की राजनीति में देवेंद्र यादव की गिनती पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खेमे में होती रही। लेकिन राहुल गांधी की पदयात्रा में शामिल होने और कांग्रेस हाई कमान के साथ नजदीकियों के बाद उन्होंने अलग पहचान बनाने की कोशिश की। जिससे लगता है कि देवेंद्र यादव खुद एक अपना खेमा तैयार कर रहे हैं। वैसे खेमेबाजी के नजरिए से बिलासपुर में छत्तीसगढ़ के सभी प्रमुख नेताओं के समर्थक हैं । जिनमें भूपेश बघेल के साथ विधायक अटल श्रीवास्तव और दिलीप लहरिया, प्रमोद नायक सहित कांग्रेस का एक बड़ा वर्ग है। पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव के साथ पंकज सिंह और अन्य समर्थक हैं। इसी तरह नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत के साथ आशीष सिंह, ब्रह्मदेव सिंह सहित अन्य समर्थकों के नाम आते हैं । लेकिन देवेंद्र यादव की सक्रियता के बाद बिलासपुर में एक नया खेमा उभर कर आया है। हाल ही में संगठन सृजन अभियान के तहत जब जिला और शहर कांग्रेस में फेरबदल किया गया तब यह समीकरण समझ में आया था कि देवेंद्र यादव की पसंद से ही महेंद्र गंगोत्री को जिला कांग्रेस ग्रामीण और सिद्धांशु मिश्रा को जिला कांग्रेस शहर का अध्यक्ष बनाया गया है। हालांकि महेंद्र गंगोत्री के बारे में कहा जाता है कि वे सभी बड़े नेताओं के साथ तालमेल कायम कर अपनी राजनीति करते हैं। लेकिन शहर कांग्रेस अध्यक्ष को पूरी तरह से देवेंद्र यादव  समर्थक के रूप में देखा जाता है। हाल ही में तारबाहर वार्ड पार्षद उपचुनाव के दौरान कांग्रेस के प्रचार के लिए किसी बड़े नेता को नहीं बुलाया गया था  ।लेकिन देवेंद्र यादव स्टार प्रचारक के रूप में कांग्रेस का प्रचार करने पहुंचे थे।

ये खबर भी पढ़ें…
पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी को ही बनाया निशाना, CCTV में चोरी करते दिखे युवक
पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी को ही बनाया निशाना, CCTV में चोरी करते दिखे युवक
रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले किस कदर बढ़ गए हैं, इसका एक मामला सामने आया है। यहां चोरों ने...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

बिलासपुर इलाके में कांग्रेस की राजनीति में नए समीकरण लगातार बन रहे हैं। जाहिर सी बात है कि एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में बिलासपुर में एक ज्वलंत मुद्दे को लेकर प्रदर्शन हुआ तो देवेंद्र यादव भी उसमें पूरी अहमियत के साथ हिस्सेदारी दिखाना चाहते थे। कांग्रेस के पिछले कई कार्यक्रमों की तरह इस बार भी कुछ अलग पहचान के साथ अपनी हाजिरी दर्ज कराने की कोशिश में कुर्ता फाड़ने की घटना इसी कड़ी में उनके साथ नत्थी हो गई है। मीडिया की सुर्खियों के हिसाब से वे अपनी कोशिश में यकीनन कामयाब नजर आते हैं। लेकिन प्रदर्शन के दौरान उनका कुर्ता फटा या फाड़ा गया ….? इस सवाल के बीच वर्चस्व की राजनीति का यह अंदाज कहीं उलझ गया है..।  नीट पेपर लीक के खिलाफ शुरू हुआ प्रदर्शन अब कुर्ते की राजनीति में बदल चुका है। सवाल केवल इतना नहीं है कि कुर्ता फटा या फाड़ा गया। सवाल यह भी है कि क्या आज की राजनीति में मुद्दों से ज्यादा दृश्य और प्रतीक अहम हो गए हैं? और यदि ऐसा है, तो बिलासपुर का यह ‘कुर्ता कांड’ आने वाले दिनों में कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में और कितनी हलचल मचाएगा, यह देखना बाकी है।

 

ये खबर भी पढ़ें…
CG News- सोलर प्लांट में तांबे के केबल पर चोरों की नजर, नाबालिग को भी बनाया साथी; तीन आरोपी गिरफ्तार
CG News- सोलर प्लांट में तांबे के केबल पर चोरों की नजर, नाबालिग को भी बनाया साथी; तीन आरोपी गिरफ्तार
cg news/बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सोलर प्लांट से तांबे का केबल वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.