रेलवे स्टेशन से सुनसान ठिकाने तक बिछाया जाल: लूट का खुलासा, नकदी-दस्तावेज बरामद, 5 आरोपी फरार
मजदूर दिलाने के बहाने लूट का जाल: कोनी पुलिस ने गिरोह का एक सदस्य दबोचा

बिलासपुर.. जिले में मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए कोनी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज हुए हैं, जिनमें बिहार और मध्यप्रदेश के दो व्यक्तियों को निशाना बनाया गया।
पुलिस के मुताबिक 14 अप्रैल को बिहार निवासी सुनील कुमार यादव को आरोपियों ने मोबाइल पर संपर्क कर 28 मजदूर उपलब्ध कराने का झांसा दिया और बिलासपुर रेलवे स्टेशन बुलाया। वहां से ऑटो में बैठाकर पॉलिटेक्निक कॉलेज कोनी के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर उससे 45 हजार रुपये लूट लिए।
इसी तरह 15 अप्रैल की सुबह मध्यप्रदेश के कटनी निवासी दशरथ कुमार द्विवेदी को भी 30-35 मजदूर दिलाने का लालच देकर रेलवे स्टेशन बुलाया गया। आरोपियों ने उसे अटल बिहारी विश्वविद्यालय के पास ले जाकर खाने-पीने के खर्च के नाम पर 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
दोनों मामलों में थाना कोनी में धारा 309(2), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षक राजश्री दामू के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान संदेही प्रकाश सिंह (40 वर्ष), निवासी बेल्हा, थाना पचपेड़ी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों अभय सिंह उइके, मनोज उइके, वीरू मरावी, संतोष उइके और समीर सिंह के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1600 रुपये नगद, एक पिट्ठू बैग, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अन्य पांच आरोपियों की तलाश जारी है।
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राजश्री दामू, प्रधान आरक्षक अशफाक अली, रमेश चंद्र पटनायक, आरक्षक विजेंद्र सिंह, अजय मधुकर और वीरेंद्र भोई की अहम भूमिका रही।





