बिलासपुर..

रात करीब 11:30 बजे सिंघरी-रतनपुर मार्ग पर पाली-तानाखार विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के वाहन पर अचानक पथराव हो गया। पत्थर साइड विंडो से टकराया और कांच टूटकर बिखर गया। संयोग रहा कि विधायक, चालक और निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) को चोट नहीं आई। चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से करीब 500 मीटर आगे पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी चल रही थी। इसके बावजूद पथराव करने वाले वारदात को कैसे अंजाम देकर निकल गए, यह सवाल बना हुआ है।

विधायक के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने चालक को वाहन तेजी से आगे बढ़ाकर पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी तक पहुंचने को कहा। वहां घटना की जानकारी दी गई। उनका कहना है कि पत्थर की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी व्यक्ति को लगता तो गंभीर परिणाम हो सकते थे।

एक युवक और अपचारी बालक पकड़ाए

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। युवक की पहचान राहुल साहू, पिता अर्जुन साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी मदनपुर के रूप में हुई है। हालांकि, पथराव किसने किया, दोनों की इसमें क्या भूमिका थी और घटना के पीछे क्या वजह थी, इसका विस्तृत खुलासा अभी बाकी है।

 आक्रोश, सोमवार को आंदोलन

घटना की जानकारी सामने आते ही छत्तीसगढ़ सहित मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में पार्टी समर्थकों ने नाराजगी जताई। पार्टी के जिला महासचिव शेख इस्माइल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने की मांग की है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ता सोमवार को गृहमंत्री विजय शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपेंगे और अलग-अलग क्षेत्रों में पुतला दहन कर विरोध जताने की चेतावनी दी है।

पथराव के पीछे कौन?

पार्टी ने घटना की निष्पक्ष और गहन जांच, पथराव की वास्तविक वजह सामने लाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विधायक की आवाजाही की जानकारी किसे थी, पत्थर किस दिशा से आया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों में क्या सामने आया, इन सवालों का जवाब पुलिस जांच से ही मिल सकेगा। फिलहाल दो लोगों की गिरफ्तारी के बावजूद पथराव की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। अब सबकी नजर पुलिस के आधिकारिक खुलासे पर है।