बिलासपुर….शराब के लिए पैसे मांगे, मना किया तो गला दबाया; रतनपुर पुलिस ने दो बदमाशों को भेजा जेल रतनपुर थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर जानलेवा हमला करने वाले दो आदतन बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लगातार आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत रतनपुर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई है।

घटना 25 दिसंबर की है। जब मदनपुर निवासी राहुल साहू ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि करैहापारा रतनपुर निवासी विकास उर्फ विक्कू रावत अपने साथियों के साथ मदनपुर पहुंचा। शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी और उसके साथी ने गमछे से गला दबाकर अश्लील गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी देते हुए लात-मुक्कों से मारपीट की।

हमले में प्रार्थी को गला, पेट, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रतनपुर में अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।

रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी विकास उर्फ विक्कू रावत और उसके साथी हिरेन्द्र कुमार कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।