बिलासपुर… जिले में चल रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत हिर्री थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपहृत नाबालिग बालिका को महाराष्ट्र के जलगांव से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

प्रकरण की शुरुआत तब हुई, जब परिजनों ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई और ऑपरेशन मुस्कान के तहत लगातार संभावित ठिकानों पर पतासाजी की जा रही थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश के निर्देश में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सतत निगरानी के आधार पर अपहृत बालिका की लोकेशन का पता लगाया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के जलगांव से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया।

जांच के दौरान सामने आया कि इस अपराध में तीन लोग शामिल थे। पुलिस ने जयप्रकाश पात्रे, राहुल कुर्रे और दीपिका पात्रे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस का कहना है कि बालिका की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और पूरी कार्रवाई बेहद संवेदनशीलता के साथ की गई। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

ऑपरेशन मुस्कान के तहत बिलासपुर पुलिस द्वारा बच्चों से जुड़े अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।