बिलासपुर।अरुणाचल प्रदेश की वादियों में बसा तवांग अपने आप में किसी जन्नत से कम नहीं है, लेकिन तवांग से निकलकर बुम ला दर्रे तक का सफर एक ऐसा अनुभव है, जो जीवन भर याद रहता है। समुद्र तल से लगभग 15,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह दर्रा भारत और तिब्बत (चीन) की सीमा पर स्थित है। आज जब इस ऐतिहासिक और संवेदनशील सीमा पर बिलासा कला मंच संस्थापक डॉ सोमनाथ यादव, महेश श्रीवास, रामेश्वर गुप्ता,अनूप श्रीवास,भगवंत राव शिंदे और दिलेंद्र कौशिल ने राष्ट्र ध्वज लहराया तो मन रोमांच और गर्व से भर उठा।
भारत तिब्बत सहयोग मंच द्वारा आयोजित तवांग तीर्थ यात्रा में बिलासपुर के 6 लोग शामिल है। डा सोमनाथ यादव ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफर की शुरुआत और बदलता मौसम तवांग से बुम ला की ओर बढ़ते ही प्रकृति का रूप तेजी से बदलने लगता है। घुमावदार रास्ते, गहरी खाइयां और दूर तक फैली बर्फ की सफेद चादर इस यात्रा को किसी एडवेंचर से कम नहीं बनाती। जैसे-जैसे ऊंचाई बढ़ती है, ऑक्सीजन का स्तर कम होने लगता है और ठंड का प्रकोप बढ़ता जाता है।
बुम ला दर्रे पर पहुंचते ही सबसे पहला अहसास वहां की कड़ाके की ठंड और तेज़ बर्फीली हवाओं का होता है। हवा इतनी तेज़ और ठंडी होती है कि पल भर में चेहरा सुन्न पड़ने लगता है। चारों ओर फैली बर्फ की चादर और बर्फीले तूफान जैसी हवाएं इस जगह को बेहद चुनौतीपूर्ण बनाती हैं। लेकिन इस जमा देने वाली ठंड के बावजूद, वहां का नज़ारा इतना अद्भुत और शांत है कि हर थकान और ठिठुरन गायब हो जाती है।
जब आप उस अंतिम बिंदु पर खड़े होते हैं, जहां से तिब्बत (चीन) की सीमा शुरू होती है, तो वह पल बेहद रोमांचकारी होता है। दोनों देशों की सीमाओं को इतने करीब से देखना और महसूस करना एक अनूठा अनुभव है। वहां ‘हीप ऑफ स्टोन्स’ (पत्थरों का ढेर) देखना, जहां भारत और चीन के सैनिकों के बीच मैत्रीपूर्ण बैठकें होती हैं, इतिहास और वर्तमान के संगम जैसा लगता है।

इस दुर्गम और जमा देने वाली ठंड में जब हम कुछ मिनट भी ठीक से खड़े नहीं हो पाते, तब वहां हमारी भारतीय सेना के जवान मुस्तैदी से देश की रक्षा में तैनात रहते हैं। उनकी मुस्कान, उनका जोश और देश के प्रति उनका समर्पण देखकर सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। सीमा पर खड़े होकर यह अहसास होता है कि हम अपने घरों में कितने सुरक्षित हैं। बुम ला दर्रे की यह यात्रा केवल एक पर्यटन स्थल को देखने का अनुभव नहीं है, बल्कि यह प्रकृति की कठोरता, सीमा के रोमांच और हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस को करीब से महसूस करने का अवसर है। तवांग से बुम ला तक का यह सफर हमेशा दिल के बेहद करीब रहेगा।