बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की भर्ती प्रक्रिया में आरक्षित वर्ग की महिला अभ्यर्थियों का अनारक्षित महिला पदों पर चयन किया जा सकता है, बशर्ते उन्होंने अनारक्षित वर्ग के निर्धारित कटऑफ से अधिक अंक हासिल किए हों।

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि महिलाओं के लिए लागू क्षैतिज और वर्गवार आरक्षण के नियमों में ओबीसी महिला अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर अनारक्षित वर्ग में चयनित होने से रोकने का कोई प्रावधान नहीं है।

जस्टिस एनके व्यास की सिंगल बेंच ने स्पोर्ट्स ऑफिसर भर्ती से जुड़े मामले में यह फैसला सुनाया। अदालत ने कहा कि मेरिट के आधार पर अनारक्षित महिला पदों पर चयनित ओबीसी अभ्यर्थियों की नियुक्ति को असंवैधानिक नहीं माना जा सकता।

छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग ने उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्पोर्ट्स ऑफिसर के 61 पदों पर भर्ती के लिए 6 मार्च 2019 को विज्ञापन जारी किया था।

इसके बाद 26 नवंबर 2019 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई और साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई। आयोग ने 18 सितंबर 2020 को अंतिम चयन सूची जारी की थी।

इस चयन सूची में ओबीसी वर्ग की पांच महिला अभ्यर्थियों को अनारक्षित महिला वर्ग के पदों पर चयनित किया गया था। इस चयन को चुनौती देते हुए शहाना खातून ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।

याचिकाकर्ता की दलील थी कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (महिलाओं की नियुक्ति के लिए विशेष प्रावधान) नियम, 1997 के तहत महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज और वर्गवार आरक्षण दिया गया है। इसके तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग में महिलाओं के लिए अलग-अलग आरक्षण की व्यवस्था है। ऐसे में ओबीसी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को सामान्य महिला वर्ग के पदों पर चयनित करना नियमों के विपरीत है।

याचिकाकर्ता ने बताया कि उन्होंने अनारक्षित महिला वर्ग से परीक्षा दी थी। अंतिम मेरिट सूची में उन्हें 147.9701 अंक मिले थे और उनका स्थान 65वां था।

दूसरी ओर, चयनित पांच ओबीसी महिला अभ्यर्थियों ने उनसे अधिक अंक हासिल किए थे। उनके प्राप्तांक क्रमशः 213.8344, 211.7936, 200.6305, 188.3247 और 200.76712 थे।

याचिकाकर्ता का तर्क था कि आरक्षित वर्ग की इन अभ्यर्थियों को अनारक्षित महिला वर्ग में समायोजित किए जाने के कारण उनका चयन प्रभावित हुआ और वे पद पाने से वंचित रह गईं।

मामले की सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने पाया कि वर्ष 1997 के महिला आरक्षण नियमों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, जो आरक्षित वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर अनारक्षित वर्ग में चयनित होने से रोकता हो।

अदालत ने यह भी गौर किया कि चयनित पांचों अभ्यर्थियों ने याचिकाकर्ता की तुलना में अधिक अंक प्राप्त किए थे।

हाई कोर्ट ने माना कि सीजीपीएससी और राज्य सरकार ने मेरिट के आधार पर ओबीसी महिला अभ्यर्थियों को अनारक्षित महिला वर्ग के पदों पर चयनित कर नियुक्ति दी है, तो इसे असंवैधानिक नहीं कहा जा सकता। इसी आधार पर अदालत ने चयन प्रक्रिया को उचित ठहराया।

इस फैसले से स्पष्ट हो गया है कि छत्तीसगढ़ में महिला आरक्षण के तहत आरक्षित वर्ग की अभ्यर्थियों को केवल उनकी श्रेणी के आधार पर अनारक्षित पदों से बाहर नहीं किया जा सकता।

यदि वे अनारक्षित वर्ग की निर्धारित मेरिट में स्थान बनाती हैं, तो उन्हें अनारक्षित पदों पर चयन का लाभ मिल सकता है।