राजनांदगांव। राजनांदगांव के एक युवक को मेडिकल फ्रेंचाइजी के नाम पर लाखों रुपए का आर्थिक चोट पहुंचाने का मामला सामने आया है।

4 युवकों के एक गिरोह ने चालाकी के साथ पीडि़त युवक को 30 लाख रुपए में मेडिकल मॉल की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर झांसा दिया। इसके अलावा हर माह 2 लाख रुपए का लाभांस देने का आकर्षक प्रस्ताव दिया। इस वजह से पीडि़त ठग गिरोह के चंगुल में फंस गया।  बसंतपुर पुलिस में पीडि़त ने शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन ने बताया कि आरोपी दूसरे राज्य के हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

मिली जनकारी के मुताबिक शहर के नंदई निवासी नितेश कुमार सुराना ने एक शिकायत में बताया कि 3 युवकों विकास पॉल, प्रसुन्न पॉल, सौरभ मिश्रा तथा एक प्रतिनिधि आकाश पाठक ने झांसा देकर फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपए ऐंठ लिए। गिरोह ने फ्रेंचाइजी के साथ-साथ प्रतिमाह 2 लाख रुपए का लाभांश देने का लुभावना वादा किया। इसके बाद पीडि़त ने दिसंबर 2023 में एक एग्रीमेंट के बाद दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच आरटीजीएस और चेक के माध्यम से कंपनी को यस बैंक के खाते से 29 लाख 90 हजार रुपए का भुगतान किया।

पीडि़त पक्ष ने ही मॉल संचालन के लिए अपना भवन उपलब्ध कराया था। मई 2025 तक पीडि़त पक्ष को कंपनी की ओर से 3 लाख रुपए बतौर कमीशन भी दिया गया। इसके बाद अचानक दवाईयों की आपूर्ति बंद कर दी गई। इस बीच अक्टूबर 2025 में कंपनी मेडिकल हॉल में ताला लगाकर रफूचक्कर हो गई।  बताया जा रहा है कि उक्त कंपनी के संचालकों के विरूद्ध पीडि़त ने धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज करने की शिकायत की है। जांच पश्चात पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है।