बिलासपुर..मेहनत कर रोज़ी कमाने निकले एक डिलिवरी बॉय को निशाना बनाकर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों पर सरकंडा पुलिस ने सख्त प्रहार करते हुए पूरे गिरोह को बेनकाब कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के साथ दो विधि से संघर्षरत नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

मामले में प्रार्थी कुश कुमार खुसरो ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ब्लिंकिट कंपनी में डिलिवरी का कार्य करता है। दिनांक 18 जनवरी को दोपहर करीब 1.30 बजे, डिलिवरी कर कंपनी के स्टोर लौटते समय रास्ते में चार युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवाई और जबरन उसकी जेब से 1000 रुपये नगद और मोटोरोला मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। भागते समय आरोपियों में से एक युवक ने अपने साथी को नाम लेकर पुकारा, जिससे मामले की अहम कड़ी सामने आ गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना के आधार पर शिव मंदिर चिंगराजपारा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आकाश केंवट  और दीपक पटेल ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोटोरोला मोबाइल फोन बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों एवं दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि मेहनतकश लोगों को निशाना बनाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।