बिलासपुर…जिले की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए कोनी–मोपका बायपास को फोरलेन बनाने के लिए 80 करोड़ रुपये की शासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना को लोकनिर्माण विभाग के माध्यम से अमल में लाया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोकनिर्माण मंत्री अरुण साव के प्रयासों से इस बहुप्रतीक्षित बायपास को मंजूरी मिली है। 13.40 किलोमीटर लंबा यह फोरलेन बायपास शहर के भीतर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। इसके निर्माण से भारी वाहनों का शहर के अंदर प्रवेश घटेगा और दैनिक आवागमन अधिक सुचारू हो सकेगा।

बायपास के फोरलेन बनने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और औद्योगिक विकास के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे बिलासपुर से जुड़े आसपास के क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

कोनी–मोपका बायपास परियोजना को वर्ष 2025–26 के बजट में शामिल किया गया है, जिससे इसके समयबद्ध क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। लोकनिर्माण विभाग द्वारा आगे की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

यह परियोजना बिलासपुर की सड़कों पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के साथ-साथ शहर के दीर्घकालिक शहरी और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण आधार मानी जा रही है।