बिलासपुर…चोरी के बाद मोबाइल चालू करना दो युवकों को भारी पड़ गया। रतनपुर के बुढ़ामहादेवपारा में घर से चोरी किए गए मोबाइल को आरोपियों ने जैसे ही चालू किया, तकनीकी जांच के जरिए पुलिस उनके ठिकाने तक पहुंच गई। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर चोरी का मोबाइल बरामद किया है। वहीं कोटा पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

मोबाइल चालू करते ही खुला चोरी का राज

रतनपुर के बुढ़ामहादेवपारा निवासी बरनलाल प्रधान ने 28 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 अगस्त की रात खाना खाने के बाद वह घर में सो गए थे। उन्होंने अपना मोबाइल खाट के पास रखा था। सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिला।

शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। तकनीकी टीम मोबाइल की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान चोरी का मोबाइल चालू किया गया तो पुलिस को उसकी तकनीकी जानकारी से आरोपी तक पहुंचने का सुराग मिल गया।

पुलिस ने बुढ़ामहादेवपारा निवासी अंकित यादव से पूछताछ की तो उसने अपने साथी अभय रावत के साथ मिलकर बरनलाल के घर से मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 11 हजार रुपए कीमत का रियलमी मोबाइल बरामद किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

बाइक चोरी में फरार था, घेराबंदी कर दबोचा

दूसरी कार्रवाई कोटा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में की। 31 अगस्त को प्रार्थी की मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 एडब्ल्यू 8925 चोरी हो गई थी। जांच के दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ में उसके साथ एक अन्य व्यक्ति के शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही थी।

28 सितंबर को मुखबिर से आरोपी के ठिकाने की सूचना मिलने पर कोटा पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस ने मनहरण बिंझवार, निवासी डोंगरिपारा, ग्राम नवागांव को पकड़ लिया। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी में शामिल होना स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई। कोटा की कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा के मार्गदर्शन में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, आरक्षक चंदन मानिकपुरी, आरक्षक दिलहरन पैकरा सहित थाना स्टाफ की भूमिका रही।