दुर्ग। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के गृह जिले के गनियारी में शासकीय हाई स्कूल में क्लास चल रही थी इसी दौरान जर्जर छत का प्लास्टर अचानक भरभरा कर गिर गया. इस दौरान कक्षा 9वीं के दो छात्र घायल हो गए.

छत का प्लास्टर गिरने से घायल दोनों छात्रों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल, दुर्ग ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद BEO ने जांच टीम को स्कूल भेजा है. BEO के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है.

यह पहला मामला नहीं है, जब सरकारी स्कूल में जर्जर भवन या छत का प्लास्टर गिरने से छात्र या शिक्षक घायल हुए हों. साल 2026 की ही बात करें तो इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

13 जुलाई 2026 को बेमेतरा जिले के गुवारा में सरकारी स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से दो छात्र घायल हुए थे. जांच के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर ठेकेदार और उप अभियंता को नोटिस भी जारी किया गया था.

वहीं, 19 सितंबर 2026 को सूरजपुर जिले के नेवारडांड स्थित प्राथमिक शाला में छज्जे का प्लास्टर गिरने से एक शिक्षक घायल हो गए थे. हालांकि, घटना के समय आसपास कोई बच्चा मौजूद नहीं था.