रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों के पांच प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ते (DA) के भुगतान और हड़ताल कर रहे पटवारियों के समर्थन में छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।

फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेश के सभी 33 जिला और 146 ब्लॉक मुख्यालयों में रैली निकालकर शासन के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने पटवारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को अनुचित बताते हुए उनकी मांगों का समाधान करने की मांग उठाई है।

दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

फेडरेशन की प्रमुख मांगों में राज्य कर्मचारियों के लंबित पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते का भुगतान और पटवारियों की हड़ताल के दौरान उनके खिलाफ की जा रही कथित प्रताड़नात्मक कार्रवाई पर रोक लगाना शामिल है।

संगठन का कहना है कि कर्मचारियों की लंबित मांगों और पटवारियों की समस्याओं का शासन को जल्द निराकरण करना चाहिए।

इसी सिलसिले में बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में रैली निकालकर जिला कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई है।

छुरिया में शाम 4 बजे निकलेगी मोटरसाइकिल रैली

छुरिया ब्लॉक मुख्यालय में फेडरेशन के पदाधिकारियों ने ब्लॉक संयोजक यशवंत नेताम के नेतृत्व में तहसीलदार और थाना प्रभारी को कार्यक्रम की लिखित सूचना दी है। पदाधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम 4 बजे जनपद कार्यालय के सामने कर्मचारी एकत्रित होंगे। यहां से मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी, जो पुराने बस स्टैंड से होते हुए तहसीलदार कार्यालय पहुंचेगी।

तहसीलदार कार्यालय पहुंचने के बाद कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करेंगे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपेंगे।

सभी विभागों के कर्मचारियों से शामिल होने की अपील

फेडरेशन के पदाधिकारियों, शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जाकेश साहू तथा सदस्य बीरेंद्र साहू और विकास गुप्ता ने ब्लॉक के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों से रैली और ज्ञापन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

संगठन का कहना है कि पांच प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान और पटवारियों की मांगों का निराकरण कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। इन मांगों को लेकर प्रदेशभर में एकजुट होकर शासन तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी।