बलरामपुर। बलरामपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था का जायजा लेने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एनके निरापुरे ने विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति और पाठ्यक्रम के पूरा होने की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान पण्डोपारा स्कूल में गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।

निरीक्षण के क्रम में जब डीईओ प्राथमिक शाला पण्डोपारा पहुंचे, तो वहां शिक्षकों की गैर-मौजूदगी देखने को मिली। जांच में प्रधान पाठक सुदेश्वर समट और सहायक शिक्षक गणेश राम राठिया दोनों ही अनुपस्थित पाए गए।

इस अनुशासनहीनता को बेहद गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने दोनों शिक्षकों को तुरंत नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

डीईओ ने हाई स्कूल भेंडरी पहुंचकर वहां चल रही शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे तय समय-सीमा के भीतर अपना पाठ्यक्रम पूरा करें और बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें।

विद्यालयों की व्यवस्था सुधारने के बाद डीईओ एनके निरापुरे ने कलेक्टर के विशेष निर्देशों के तहत धान खरीदी केंद्र रनहत का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर चल रही धान खरीदी की पूरी व्यवस्था को परखा।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि खरीदी पूरी तरह से निर्धारित मानकों के अनुरूप हो और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।