बिलासपुर… छत्तीसगढ़ की जिला न्यायपालिका में अगले साल छुट्टियों का कार्यक्रम तय हो गया है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने वर्ष 2027 के लिए अवकाश कैलेंडर जारी करते हुए प्रमुख त्योहारों और राष्ट्रीय पर्वों पर न्यायालयों के बंद रहने की तिथियां घोषित कर दी हैं। सालभर में निर्धारित 20 प्रमुख अवकाशों में दीपावली सबसे लंबी छुट्टी लेकर आएगी। इस दौरान जिला न्यायालय लगातार छह दिन बंद रहेंगे। होली और दशहरा पर दो-दो दिन का अवकाश रहेगा।

हाई कोर्ट से 17 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, नए साल का पहला प्रमुख अवकाश 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर होगा। मार्च में 6 तारीख को महाशिवरात्रि और 10 मार्च को ईद-उल-फितर की छुट्टी रहेगी। होली के अवसर पर 22 और 23 मार्च को लगातार दो दिन न्यायालयों में कामकाज नहीं होगा। इसके बाद 26 मार्च को गुड फ्राइडे का अवकाश रहेगा।

अप्रैल में भी छुट्टियों का सिलसिला जारी रहेगा। 14 अप्रैल को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती, 15 और 16 अप्रैल को रामनवमी तथा 19 अप्रैल को महावीर जयंती पर न्यायालय बंद रहेंगे। मई में 17 तारीख को ईद-उल-जुहा (बकरीद) और जून में 16 तारीख को मुहर्रम का अवकाश निर्धारित किया गया है।

अगस्त में स्थानीय और धार्मिक पर्वों के चलते कई छुट्टियां रहेंगी। 2 अगस्त को हरेली, 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस, 17 अगस्त को रक्षाबंधन और 25 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी पर न्यायालयों में कामकाज नहीं होगा। सितंबर में 3 तारीख को हरतालिका तीज और 4 सितंबर को गणेश चतुर्थी का अवकाश रहेगा।

अक्टूबर में गांधी जयंती के अवसर पर 2 तारीख को छुट्टी रहेगी। इसके बाद 7 और 8 अक्टूबर को दशहरा पर लगातार दो दिन न्यायालय बंद रहेंगे। दीपावली का अवकाश 27 अक्टूबर से शुरू होकर 1 नवंबर तक चलेगा। इस तरह त्योहार के दौरान जिला न्यायपालिका में छह दिन लगातार कामकाज स्थगित रहेगा। साल का अंतिम प्रमुख अवकाश 25 दिसंबर को क्रिसमस पर निर्धारित किया गया है।

दूसरे और तीसरे शनिवार को नहीं होगा कामकाज

प्रमुख त्योहारों के अलावा जिला न्यायपालिका में प्रत्येक रविवार को नियमित अवकाश रहेगा। हर महीने के दूसरे और तीसरे शनिवार को भी न्यायालय बंद रहेंगे। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि रविवार को पड़ने वाले मिलाद-उन-नबी, स्वतंत्रता दिवस और गुरु नानक जयंती के लिए अलग से अतिरिक्त छुट्टी नहीं होगी। इसी तरह गुरु घासीदास जयंती बंद शनिवार को पड़ने के कारण उसके लिए भी अलग अवकाश निर्धारित नहीं किया गया है।