Cyclone effect।जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों में मौसम बदल सकता है। बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती सिस्टम विकसित होने की संभावना है। अर्नब और मुरासु के बाद अब तीसरे तूफान की आहट है। यदि मौजूदा सिस्टम चक्रवाती तूफान में तब्दील होता है, तो इसे ‘अकवान’ नाम दिया जाएगा।

Cyclone effect।मौसम में इस बदलाव का असर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को बस्तर संभाग के 07 जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इनमें कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा शामिल हैं। प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 04 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

माैसम वैज्ञानिकाे के अनुसार रविवार को बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल गया है। अनुमान है कि यह सिस्टम अगले कुछ दिनों में और ताकतवर हो सकता है।

इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पिछले 13 वर्षों में ऐसा पहली बार हो सकता है, जब 20 दिनों के भीतर बंगाल की खाड़ी में तीन चक्रवाती सिस्टम विकसित हों।

मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 नवंबर तक छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 19 नवंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने लग सकते हैं। 20 और 21 नवंबर को कुछ इलाकों में तेज बारिश होने के आसार।

प्रदेश में धान खरीद का सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में संभावित बारिश किसानों के साथ-साथ धान उपार्जन केंद्रों के लिए भी चुनौती बन सकती है।

हालांकि, बारिश का वास्तविक दायरा और तीव्रता बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम की दिशा और ताकत पर निर्भर करेगी। फिलहाल मौसम विभाग के आगामी अपडेट पर नजर बनी हुई है।