बिलासपुर… तारबाहर थाना क्षेत्र में युवती को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी ऑटो चालक करन दरभे निवासी रामाग्रीन सिटी के आगे खमतराई, बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को पीड़िता नीले रंग के इलेक्ट्रॉनिक ऑटो सीजी 10 बीयू 9563 से कुंदन पैलेस गई थी। आरोप है कि ऑटो चालक करन दरभे उसे बहला-फुसलाकर जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर एफसीआई चौक के आगे रेलवे डिपो के गेट नंबर 3 के पास सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने पीड़िता को डराया-धमकाया और हाथ से मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना की शिकायत मिलने के बाद तारबाहर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, तलाश के दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 138 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है।