बिलासपुर… बिल्हा और चकरभाठा क्षेत्र में क्रेशर संचालकों तथा ट्रक चालकों से कथित अवैध उगाही कर दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश को बिल्हा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर आरोप है कि वह साथियों के साथ मिलकर वाहनों को रोकता, रॉयल्टी की जांच के नाम पर दबाव बनाता और पैसे नहीं देने पर चालक व संचालकों को धमकाता था।

पुलिस के अनुसार कनेरी निवासी सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे के खिलाफ शिकायत मिली थी कि वह अपने साथियों के साथ ग्राम दुर्गडीह क्षेत्र में क्रेशरों में चलने वाले ट्रकों के चालकों से अवैध वसूली कर रहा है। विरोध करने पर चालकों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

ग्राम पंचायत के सामने टेंट लगाकर रोक रहा था वाहन

शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी और उसके साथी ग्राम पंचायत के सामने टेंट लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोकते थे। रॉयल्टी जांच के नाम पर दबाव बनाते हुए क्रेशर संचालकों को संदेश भेजा जाता था कि पैसा दिए बिना वाहन नहीं चलने दिए जाएंगे। पुलिस के मुताबिक आरोपी शासन-प्रशासन को चुनौती देने जैसी बातें भी कर रहा था।

सिरगिट्टी में घेराबंदी कर दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर सत्यप्रकाश घृतलहरे को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर उगाही और मारपीट की घटना स्वीकार की है।

टेंट और कुर्सियां जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने घटनास्थल से टेंट और कुर्सियां भी जब्त की हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आसपास के गांवों में राहत

पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के गांवों में राहत और शांति का माहौल बना है। कार्रवाई में थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग सहित बिल्हा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।