सकरी।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेजेस सकरी में बाल दिवस के अवसर पर बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में बच्चों के साथ-साथ पालक, शिक्षक और ग्रामवासी भी बड़ी संख्या में पहुंचे।

सुबह से ही स्कूल परिसर गुब्बारों, रंग-बिरंगी झंडियों और बच्चों की चहल-पहल से गुलजार रहा।

मेले में छत्तीसगढ़ी, चाइनीज और साउथ इंडियन व्यंजनों के स्टाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।छत्तीसगढ़ी स्टाल पर फरा, चौसेला ठेठरी-खुरमी, बरा का स्वाद लिया गया। चाइनीज स्टाल पर मोमोज, नूडल्स, मंचूरियन के लिए बच्चों की लंबी लाइन लगी रही।

वहीं साउथ स्टाल पर गरम-गरम इडली और उत्तपम परोसा गया। इसके अलावा चना-चरपटी, फ्रूट कस्टर्ड, गुपचुप-चाट, मुर्रा-तिल्ली के लड्डू, खेल और विज्ञान प्रदर्शनी के स्टाल भी लगाए गए।

प्राचार्य और समिति ने किया स्टालों का निरीक्षण

इस अवसर पर संस्था प्राचार्य डॉ. संध्या तिवारी व्याख्याता डॉ राजकुमार तिवारी सहित शाला विकास समिति के अध्यक्ष श् मनोज साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता साहू, समिति के सदस्यगण एवं पालक समिति के सदस्य व समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने एक-एक करके सभी स्टालों का निरीक्षण किया और छत्तीसगढ़ी, चाइनीज व साउथ व्यंजनों का लुत्फ उठाया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए व्यंजनों की प्रशंसा की और उन्हें स्वच्छता, गुणवत्ता और व्यवहार के प्रति आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. संध्या तिवारी ने कहा कि – _”बाल मेला बच्चों में आत्मविश्वास, टीम वर्क और आत्मनिर्भरता बढ़ाता है। बच्चे सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि जीवन के हर कौशल को यहाँ सीखते हैं।”_

शाला विकास समिति अध्यक्ष मनोज साहू ने कहा कि – _”बच्चों ने जिस तरह से स्टाल संभाला है, वो काबिले तारीफ है। ऐसे आयोजन आगे भी होते रहने चाहिए।”_

समिति की उपाध्यक्ष  सुनीता साहू ने कहा कि – _”बच्चों की मेहनत और आत्मविश्वास देखकर गर्व हुआ, ऐसे आयोजन बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। बच्चों ने अपनी संस्कृति के साथ-साथ दूसरे प्रदेशों के व्यंजनों को भी इतनी खूबसूरती से प्रस्तुत किया, यह देखकर बहुत खुशी हुई।”

पूरे बाल मेले के सफल आयोजन की जिम्मेदारी व्याख्याता  विनय मौर्य ने संभाली। उन्होंने मेला शुरू होने से पहले ही सभी स्टालों की योजना बनाई, बच्चों को ग्रुप में बांटा, उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, स्टाल का स्थान तय किया, सामान की सूची बनाई और हर स्टाल पर एक-एक प्रभारी शिक्षक नियुक्त किया।

मेले के दौरान उन्होंने सभी स्टालों पर घूम-घूमकर बच्चों का मार्गदर्शन किया, व्यवस्था संभाली, अतिथियों का स्वागत कराया और बच्चों को ग्राहकों से व्यवहार, हिसाब-किताब और स्वच्छता के बारे में समझाया। उनकी कुशल व्यवस्था और सक्रियता के कारण ही मेला बिना किसी परेशानी के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्राचार्य डॉ. संध्या तिवारी ने भी आयोजन के लिए विनय मौर्य व उनके सहयोगी अनिल क्षत्री की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि – _”उनके नेतृत्व और मेहनत के बिना यह मेला इतना सफल नहीं हो पाता।”

अंत में निर्णायक समिति में व्याख्याता  अपर्णा शर्मा,  श्वेता शर्मा,  किरण यादव,  हिमानी कुर्रे के द्वारा उत्कृष्ट स्टाल लगाने वाले बच्चों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय से चयनित किया गया और मेले का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ।